रामानुजगंज। जिला जेल रामानुजगंज में हत्या के आरोप में बंद 42 वर्षीय विचाराधीन कैदी की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत हो गई। मृतक की पहचान विष्णु कुमरिया, निवासी ग्राम सीतारामपुर पाट, थाना पस्ता के रूप में हुई है। वह 15 नवंबर 2023 के हत्या प्रकरण में आरोपी था और न्यायिक हिरासत में जेल में बंद था।
जानकारी के अनुसार, शुक्रवार शाम उसने पेट दर्द और दस्त की शिकायत की थी। जेल प्रशासन ने उसे उपचार के लिए 100 बिस्तर अस्पताल में भर्ती कराया, जहां कुछ घंटे इलाज के बाद उसे वापस जेल लाया गया।
शनिवार सुबह करीब 9:45 बजे उसकी तबीयत फिर बिगड़ी, जिसके बाद उसे दोबारा अस्पताल ले जाया गया। सुबह 10:30 बजे चिकित्सकों ने उसे मृत घोषित कर दिया।
अस्पताल अधीक्षक डॉ. शरद चंद्र गुप्ता ने मृत्यु की पुष्टि की है। जेलर वाल्मीकि ध्रुव ने बताया कि तबीयत बिगड़ने पर तत्काल अस्पताल भेजा गया था। प्रशासन ने मामले में मजिस्ट्रियल जांच के आदेश दिए हैं। पोस्टमार्टम रिपोर्ट के बाद ही मौत के कारणों का खुलासा हो सकेगा।
