रायपुर। सर्व छत्तीसगढ़िया किसान समाज ने छत्तीसगढ़ी महतारी अस्मिता रथ यात्रा के साथ सदस्यता अभियान और किसान सम्मेलन आयोजित करने की घोषणा की है। यह अभियान नया रायपुर, तुमगांव, पाटन, अभनपुर और गोगांव क्षेत्र से प्रारंभ होगा। कार्यक्रम की रूपरेखा तय करने के लिए 1 मार्च को अगली बैठक आयोजित की जाएगी।
हांडीपारा स्थित छत्तीसगढ़ी भवन में आयोजित संयुक्त बैठक की अध्यक्षता छत्तीसगढ़ संयुक्त किसान मोर्चा के संस्थापक दाऊ जी.पी. चंद्राकर ने की। रथयात्रा के प्रमुख संचालक अनिल दुबे ने बताया कि जिन क्षेत्रों में सर्वाधिक सदस्यता हुई है, वहां होली के बाद किसान सम्मेलन आयोजित किए जाएंगे, ताकि संगठन को मजबूत किया जा सके।
प्रथम चरण में विभिन्न क्षेत्रों के लिए प्रभारियों की नियुक्ति की गई है। इसके साथ ही होली के बाद विधानसभा सत्र के दौरान विधानसभा कूच करने का प्रस्ताव भी पारित किया गया। संगठन का कहना है कि अस्मिता रैली के माध्यम से छत्तीसगढ़िया समाज को एकजुट कर मजबूत किया जाएगा।
