रायपुर। रायपुर वेस्ट पुलिस कमिश्नरी ने गंभीर आरोपों के चलते कबीरनगर थाने में पदस्थ महिला प्रधान आरक्षक चंद्रकला साहू को निलंबित कर लाइन अटैच कर दिया है। उन पर नाबालिग के अपहरण और दुष्कर्म मामले में आरोपी पक्ष से लेन-देन कर पीड़ित परिवार को परेशान करने का आरोप था।
प्राथमिक जांच में आरोप सही पाए जाने के बाद डीसीपी संदीप पटेल ने तत्काल कार्रवाई की। यह कमिश्नरी व्यवस्था लागू होने के बाद निलंबन और लाइन अटैच की पहली कार्रवाई है।

निलंबन आदेश में उल्लेख है कि प्रधान आरक्षक ने प्रकरण की विवेचना के दौरान स्वेच्छाधारिता और संदिग्ध आचरण प्रदर्शित किया, जो पुलिस आचरण के विपरीत माना गया। निलंबन अवधि में उन्हें जीवन निर्वाह भत्ता दिया जाएगा।
इसी बीच, गंज थाना क्षेत्र में अवैध वसूली और मारपीट के आरोप में सिपाही केशव सिन्हा को भी लाइन अटैच किया गया। डीसीपी ने कहा कि ऐसे कृत्य और लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी। मामले की जांच जारी है और पीड़िता की सुरक्षा सुनिश्चित की जा रही है।
