छत्तीसगढ़

धमतरी में छात्राओं के लिए बड़ी पहल: अज़ीम प्रेमजी स्कॉलरशिप में हर साल मिलेंगे ₹30 हजार

2 से 5 साल तक मिलेगी आर्थिक सहायता, पात्र छात्राओं को अधिकतम ₹1.50 लाख तक का लाभ

धमतरी, 22 अगस्त 2026। आर्थिक परिस्थितियां अब बेटियों की उच्च शिक्षा के रास्ते में बाधा न बनें, इसके लिए अज़ीम प्रेमजी फाउंडेशन ने अज़ीम प्रेमजी स्कॉलरशिप 2026-27 के लिए आवेदन आमंत्रित किए हैं। योजना के तहत पात्र छात्राओं को स्नातक शिक्षा पूरी करने तक प्रतिवर्ष ₹30,000 की आर्थिक सहायता दी जाएगी। छात्राएं इस राशि का उपयोग ट्यूशन फीस सहित शिक्षा से जुड़े अन्य आवश्यक खर्चों के लिए कर सकेंगी।

स्कॉलरशिप के तहत चयनित छात्राओं को उनके स्नातक पाठ्यक्रम की अवधि के अनुसार 2 से 5 वर्षों तक सहायता मिलेगी। इस तरह एक छात्रा को पूरी अवधि में अधिकतम ₹1.50 लाख तक की आर्थिक मदद मिल सकती है।

21 राज्यों और केंद्रशासित प्रदेशों की छात्राएं पात्र

वर्ष 2026-27 में अज़ीम प्रेमजी स्कॉलरशिप का तीसरा कोहोर्ट शुरू किया जा रहा है। इसमें 19 राज्य और 2 केंद्रशासित प्रदेश, यानी कुल 21 राज्य/केंद्रशासित प्रदेश शामिल हैं। छत्तीसगढ़ के अलावा आंध्र प्रदेश, अरुणाचल प्रदेश, असम, बिहार, दिल्ली, झारखंड, कर्नाटक, मध्य प्रदेश, मणिपुर, मेघालय, मिजोरम, नागालैंड, ओडिशा, पुडुचेरी, राजस्थान, सिक्किम, तेलंगाना, त्रिपुरा, उत्तर प्रदेश और उत्तराखंड की छात्राएं भी योजना के दायरे में हैं।

ये छात्राएं कर सकती हैं आवेदन

शैक्षणिक सत्र 2026-27 के लिए वे छात्राएं आवेदन कर सकती हैं, जिन्होंने 10वीं और 12वीं की पढ़ाई किसी पात्र राज्य या केंद्रशासित प्रदेश के सरकारी स्कूल या कॉलेज से नियमित छात्रा के रूप में पूरी की हो। इसके साथ ही उन्हें 2026-27 में भारत के किसी सरकारी संस्थान अथवा विश्वसनीय एवं मान्यता प्राप्त निजी कॉलेज या विश्वविद्यालय में 2 से 5 वर्ष की अवधि वाले मान्यता प्राप्त स्नातक डिग्री या डिप्लोमा पाठ्यक्रम के प्रथम वर्ष में नियमित छात्रा के रूप में प्रवेश लिया होना चाहिए।

इस छात्रवृत्ति में चयन मेरिट, जाति, आय या धर्म के आधार पर नहीं किया जाता है।

दो चरणों में होगा आवेदन

छात्राओं को आवेदन के लिए दो अवसर दिए गए हैं। पहला चरण 10 अगस्त से 31 अगस्त 2026 तक है, जबकि दूसरा चरण 10 जनवरी से 31 जनवरी 2027 तक चलेगा। आवेदन केवल अज़ीम प्रेमजी फाउंडेशन की आधिकारिक वेबसाइट के माध्यम से ऑनलाइन किया जा सकता है।

आवेदन के लिए छात्राओं को पासपोर्ट आकार का फोटो, आधार कार्ड, बैंक खाते का विवरण, 10वीं एवं 12वीं की अंकतालिका तथा कॉलेज में प्रवेश का प्रमाण, जैसे बोनाफाइड प्रमाणपत्र या शिक्षण शुल्क रसीद की स्पष्ट और रंगीन प्रतियां तैयार रखनी होंगी।

आवेदन के लिए कोई शुल्क नहीं

फाउंडेशन ने स्पष्ट किया है कि स्कॉलरशिप के लिए आवेदन प्रक्रिया पूरी तरह निःशुल्क है। फोन कॉल या संदेश के जरिए बैंक खाते की जानकारी अथवा OTP नहीं मांगा जाता। इसके अलावा छात्रवृत्ति के लिए किसी प्रकार का इंटरव्यू भी नहीं लिया जाता। छात्राओं को संदिग्ध कॉल, संदेश या किसी व्यक्ति से सावधान रहने की सलाह दी गई है।

कलेक्टर ने महाविद्यालयों को दिए निर्देश

धमतरी कलेक्टर श्री अबिनाश मिश्रा ने 17 अगस्त को जिले के महाविद्यालयों के प्राचार्यों को पात्र छात्राओं की पहचान कर विशेष अभियान चलाने और आवेदन प्रक्रिया में आवश्यक मार्गदर्शन देने के निर्देश दिए थे। उन्होंने कहा कि आर्थिक परिस्थितियों के कारण किसी भी छात्रा की उच्च शिक्षा बाधित नहीं होनी चाहिए।

उन्होंने छात्राओं और अभिभावकों से निर्धारित समय-सीमा में आवेदन करने की अपील की है, ताकि जानकारी के अभाव में कोई पात्र छात्रा इस अवसर से वंचित न रह जाए।

शिक्षा के जरिए बेटियों को आत्मनिर्भर बनाने की पहल

अज़ीम प्रेमजी फाउंडेशन ने वर्ष 2024 में अज़ीम प्रेमजी स्कॉलरशिप की शुरुआत की थी। इस पहल का उद्देश्य आर्थिक बाधाओं के कारण उच्च शिक्षा से वंचित रह जाने वाली छात्राओं को कॉलेज शिक्षा जारी रखने के लिए आर्थिक संबल प्रदान करना है।

आधिकारिक वेबसाइट: अज़ीम प्रेमजी फाउंडेशन की वेबसाइट पर “Azim Premji Scholarship” अनुभाग
व्हाट्सऐप हेल्पलाइन: +91 90199 60536

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button