अपराध और हादसाछत्तीसगढ़

चाइनीज मांझा बेचने वाले दुकानदारों पर लगा जुर्माना…

रायपुर। प्रतिबंधित चाइनीज मांझा की बिक्री पर रोक लगाने के लिए पर्यावरण संरक्षण मंडल क्षेत्रीय कार्यालय रायपुर और रायपुर नगर पालिक निगम की संयुक्त टीम ने शहर के विभिन्न इलाकों में पतंग दुकानों पर औचक छापेमारी की।

इस कार्रवाई के तहत नगर निगम जोन-1 क्षेत्र अंतर्गत गुढियारी स्थित प्रयास हॉस्टल के पास दो पतंग दुकानों में दबिश दी गई। जांच के दौरान दुकानदार प्रतिबंधित चाइनीज मांझा बेचते हुए पाए गए। मौके पर ही मांझा जब्त कर दोनों दुकानदारों पर कुल 10 हजार रुपये का जुर्माना लगाया गया, जिसमें प्रत्येक पर 5-5 हजार रुपये का दंड शामिल है। यह कार्रवाई वार्ड पार्षद सोहन साहू और जोन स्वास्थ्य अधिकारी खेमराज देवागन की उपस्थिति में पुलिस बल के साथ की गई।
इसी तरह नगर निगम जोन-5 क्षेत्र में घासीदास प्लाजा, आमापारा मार्ग पर सड़क किनारे लगाई गई पतंग दुकानों का भी औचक निरीक्षण किया गया। यहां से भी प्रतिबंधित चाइनीज मांझा जब्त किया गया। साथ ही अव्यवस्थित ढंग से लगी दुकानों को तत्काल हटाने की कार्रवाई की गई। इस दौरान जोन-5 के उप अभियंता टिकेन्द्र चंद्राकर उपस्थित रहे।
प्रशासन ने बताया कि संक्रांति पर्व के दौरान पतंगबाजी के चलते चाइनीज मांझा के उपयोग से गंभीर हादसों और पक्षियों को नुकसान की आशंका रहती है। इसी को देखते हुए पहले भी बुढ़ापारा और गोलबाजार क्षेत्र में कार्रवाई कर साढ़े चार किलो चाइनीज मांझा जब्त किया जा चुका है।
अधिकारियों ने सभी पतंग दुकानदारों को सख्त चेतावनी दी है कि भविष्य में प्रतिबंधित चाइनीज मांझा पाए जाने पर नियमानुसार कड़ी कार्रवाई की जाएगी। प्रशासन ने नागरिकों से भी अपील की है कि वे सुरक्षित और वैध मांझे का ही उपयोग करें।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button