मुंबई । घरेलू और वैश्विक बाजारों में तेज उतार-चढ़ाव के बीच मंगलवार को कीमती धातुओं में बड़ी हलचल देखने को मिली। रिकॉर्ड ऊंचाई से गिरावट के बाद शुरुआती सेशन में सोने और चांदी के दाम संभलते नजर आए। MCX पर फरवरी वायदा सोना 0.59 प्रतिशत की तेजी के साथ 1,35,744 रुपये प्रति 10 ग्राम पर कारोबार करता दिखा, जबकि मार्च वायदा चांदी 4.08 प्रतिशत उछलकर 2,33,700 रुपये प्रति किलो पर पहुंच गई।
वैश्विक बाजार की बात करें तो सोमवार को स्पॉट गोल्ड में भारी गिरावट दर्ज की गई और यह 4.5 प्रतिशत टूटकर 4,330.79 डॉलर प्रति औंस पर आ गया। वहीं, फरवरी डिलीवरी के लिए अमेरिकी गोल्ड फ्यूचर्स 4.6 प्रतिशत गिरकर 4,343.60 डॉलर प्रति औंस पर बंद हुआ। इससे पहले सोना 4,584 डॉलर प्रति ट्रॉय औंस और चांदी 82.67 डॉलर प्रति औंस के रिकॉर्ड स्तर तक पहुंची थी, लेकिन मुनाफावसूली के दबाव में बढ़त कायम नहीं रह सकी।
विशेषज्ञों के अनुसार, गिरावट की मुख्य वजह लंबी पोजीशन में मुनाफावसूली, CME द्वारा मार्जिन आवश्यकताओं में बढ़ोतरी और छुट्टियों के कारण कम ट्रेडिंग वॉल्यूम रही, जिससे इंट्राडे उतार-चढ़ाव बढ़ गया। हालांकि, रूस-यूक्रेन तनाव और वैश्विक भू-राजनीतिक अनिश्चितताओं के चलते सेफ-हेवन डिमांड बनी हुई है, जिससे निचले स्तरों पर सोने-चांदी को सपोर्ट मिल सकता है।
विश्लेषकों का मानना है कि कम इन्वेंट्री और सीमित लिक्विडिटी के चलते चांदी में आगे भी तेज हलचल देखने को मिल सकती है।
