देश दुनियां

शेयर बाजार में लौटी रौनक, सेंसेक्स 588 अंक उछला, आईटी शेयरों में जोरदार खरीदारी

नई दिल्ली। भारतीय शेयर बाजार में बुधवार को शानदार रिकवरी देखने को मिली। पिछले कारोबारी सत्र में भारी गिरावट के बाद निवेशकों की खरीदारी लौटने से सेंसेक्स और निफ्टी दोनों बढ़त के साथ कारोबार करते नजर आए। कच्चे तेल की कीमतों में गिरावट, विदेशी संस्थागत निवेशकों (एफआईआई) की खरीदारी और आईटी शेयरों में तेजी ने बाजार को मजबूती प्रदान की।

सुबह के कारोबार में सेंसेक्स 427.53 अंक यानी 0.56 प्रतिशत की बढ़त के साथ 76,628.21 अंक पर पहुंच गया, जबकि निफ्टी 91.70 अंक यानी 0.38 प्रतिशत बढ़कर 23,915.80 अंक पर कारोबार करता दिखा। इससे पहले मंगलवार को सेंसेक्स 893.39 अंक और निफ्टी 278.80 अंक की गिरावट के साथ बंद हुए थे।

बाजार की तेजी में आईटी सेक्टर की अहम भूमिका रही। निफ्टी आईटी इंडेक्स में करीब एक प्रतिशत की बढ़त दर्ज की गई। टेक महिंद्रा के शेयरों में 2.6 प्रतिशत, इन्फोसिस में 1.3 प्रतिशत और टाटा कंसल्टेंसी सर्विसेज (टीसीएस) में 0.6 प्रतिशत की तेजी देखने को मिली।

विशेषज्ञों के अनुसार अंतरराष्ट्रीय बाजार में ब्रेंट क्रूड ऑयल की कीमतों में गिरावट से निवेशकों का भरोसा बढ़ा है। ब्रेंट क्रूड करीब 1 प्रतिशत गिरकर 76.29 डॉलर प्रति बैरल पर पहुंच गया, जिससे महंगाई और सप्लाई संबंधी चिंताओं में कमी आई है।

इसके अलावा विदेशी संस्थागत निवेशकों ने भी बाजार में खरीदारी का रुख अपनाया। मंगलवार को एफआईआई ने 17.86 करोड़ रुपये के शेयरों की शुद्ध खरीदारी की, जिससे बाजार की धारणा मजबूत हुई।

भारत और अमेरिका के बीच प्रस्तावित द्विपक्षीय व्यापार समझौते को लेकर सकारात्मक संकेतों ने भी निवेशकों के उत्साह को बढ़ाया है। वहीं एशियाई बाजारों में मजबूती के संकेतों का भी भारतीय बाजार पर सकारात्मक असर देखने को मिला।

विश्लेषकों का मानना है कि कच्चे तेल की कीमतों में नरमी, विदेशी निवेश की वापसी और वैश्विक स्तर पर सकारात्मक माहौल आने वाले दिनों में भारतीय शेयर बाजार को और मजबूती प्रदान कर सकता है।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button