
रायपुर। छत्तीसगढ़ की राजधानी रायपुर से लगे अभनपुर थाना क्षेत्र के ग्राम केंद्री में एक बेटे ने अपने ही सगे पिता को चाकू मारकर मौत के घाट उतार दिया।इस घटना के बाद इलाके में सनसनी फैल गई। इसकी सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और आरोपी युवक को गिरफ्तार कर लिया गया।
मिली जानकारी के अनुसार, मृतक का नाम 48 वर्षीय डोमार साहू है। वह ग्राम केंद्री का रहने वाला था। बताया जा रहा है कि, 9 अक्टूबर की शाम को वह अपनी पत्नी दुलेश्वरी साहू के साथ शराब के नशे में विवाद कर रहा था। इसी दौरान उनका बेटा 22 वर्षीय डोमेश साहू घर पहुंचा, तो देखा कि, मां के साथ पिता विवाद कर रहा था। पेरेंटिंग गाइड पढ़ें
बेटे ने सब्जी काटने वाले चाकू से की पिता की हत्या
विवाद के दौरान के पिता अपनी पत्नी और बेटे पर आपत्तिजनक आरोप लगाए जा रहे थे। इसी बात को लेकर डोमेश साहू ने अपने पिता पर रसोई में रखे सब्जी काटने वाले चाकू से गले पर वार कर दिया, जिससे उसकी मौके पर मौत हो गई। मृतक द्वारा बचाव का प्रयास करने पर आरोपी ने उसके दाहिने हाथ की कलाई के पास भी चाकू से वार किया। इसके बाद आरोपी ने मृतक के गले पर पुनः कई वार किए, जिससे उसकी मृत्यु हो गई। घटना के दौरान मृतक की पत्नी मौके पर मौजूद थी।
पिता के मौत तो बताया आत्महत्या
घटना के बाद आरोपी ने कथित तौर पर घटना के समय पहने हुए कपड़ों को अपनी मोटरसाइकिल से जाकर पीछे की ओर स्थित बड़े नहर-नाले में फेंक दिया। इसके बाद घर लौटकर घटना को आत्महत्या का रूप देने का प्रयास किया। काफी देर बाद परिजनों और आसपास के लोगों को मृतक द्वारा आत्महत्या किए जाने की सूचना दी।
हत्या में प्रयुक्त हथियार जब्त
इस घटना की सूचना मिलते अभनपुर पुलिस मौके पर पहुंची और शव के कब्जे में लेकर आगे की जांच में जुट गई। इसके बाद एफएसएल टीम को सूचित किया गया। एफएसएल टीम ने घटनास्थल का निरीक्षण और आवश्यक साक्ष्य संकलन किए जाने के बाद शव को पोस्टमार्टम के भेजा दिया गया। पुलिस द्वारा संदेह के आधार पर आरोपी डोमेश साहू से पूछताछ की गई। पूछताछ में आरोपी ने घटना को स्वीकार किया। पुलिस ने घटना में प्रयुक्त चाकू और अन्य साक्ष्य जप्त किए। फिलहाल पुलिस आगे की कार्रवाई में जुट गई।
——————————————————–
जीवन भर का साथ, मौत में भी नहीं हुए जुदा:6 घंटे के भीतर दोनों ने तोड़ा दम
सतना। मध्य प्रदेश के सतना शहर से दांपत्य प्रेम और असीम वियोग की एक अत्यंत मर्मस्पर्शी व झकझोर देने वाली घटना सामने आई है। कोलगवां थाना क्षेत्र अंतर्गत बांधवगढ़ कॉलोनी में पति के आकस्मिक निधन का गहरा सदमा पत्नी बर्दाश्त नहीं कर सकीं और महज छह घंटे के भीतर उन्होंने भी दुनिया को अलविदा कह दिया। चंद घंटों के अंतराल में दांपत्य जीवन के इस दुखद अंत और एक ही आंगन से उठी दो अर्थियों ने पूरे क्षेत्र को गहरे शोक में डुबो दिया है।

दोपहर में पति को आया साइलेंट अटैक, शाम होते-होते पत्नी की भी थमीं सांसें
घटनाक्रम के अनुसार, शनिवार दोपहर करीब 1:30 बजे 55 वर्षीय ओम सोनेजा को अचानक सीने में तेज दर्द उठा और गंभीर हार्ट अटैक आने से मौके पर ही उनकी सांसें थम गईं। हंसते-खेलते परिवार में अचानक हुए इस वज्रपात से कोहराम मच गया। पति की आकस्मिक मौत का सबसे गहरा आघात उनकी 52 वर्षीया पत्नी मनीषा सोनेजा पर पड़ा। जीवनसाथी के हमेशा के लिए बिछड़ने का गम वे सहन नहीं कर पाईं और बदहवास होकर बेसुध हो गईं।
परिजनों और रिश्तेदारों ने मनीषा को ढांढस बंधाने और संभालने का पूरा प्रयास किया, लेकिन पति के वियोग का सदमा इतना गहरा था कि शनिवार शाम करीब 7:00 बजे मनीषा सोनेजा ने भी अपने प्राण त्याग दिए। छह घंटे के भीतर पति-पत्नी दोनों के चले जाने से परिवार पर दुखों का पहाड़ टूट पड़ा है। परिजनों की चीख-पुकार से पूरा मोहल्ला गमगीन हो गया। जिसने भी इस दर्दनाक और मार्मिक त्रासदी के बारे में सुना, उसकी आंखें नम हो गईं।
——————————————————–
पहले चोरी की रकम से क्रेटा खरीदी, फिर किश्त पटाने के लिए करने लगा चोरी, 3 आरोपी गिरफ्तार
बिलासपुर। कोरबा से बाइक में आकर ग्रामीण क्षेत्र के सूने मकानों में चोरी करने वाले गिरोह को पकड़ने में एसीसीयू व कोटा पुलिस की टीम को सफलता मिली है। पुलिस ने 10 घरों में चोरी करने वाले 3 युवकों के पास से चोरी के 6 लाख के सोने चांदी के जेवर, दो बाइक व चोरी की रकम से खरीदी गई कार जब्त कर कार्रवाई कर रही है।
पुलिस के मुताबिक, पिछले कुछ समय से कोटा सहित अन्य ग्रामीण क्षेत्रों में दिनदहाड़े सूने मकानों से सोने चांदी के जेवर व नकद रकम की चोरी हो रही थी। जिस पर पुलिस की टीम बनाकर जांच शुरू की गई, सीसीटीवी फुटेज से कोरबा जिले में जाकर 3 शातिर चोरों को हिरासत में लेकर पूछताछ की गई।

कड़ाई बरतने पर तीनों ने पाली में एक व बिलासपुर के कोटा सहित अन्य ग्रामीण क्षेत्र के 9 मकानों में चोरी करना स्वीकार कर किया। उनकी निशानदेही पर पुलिस ने 6 लाख रुपए के सोने चांदी के जेवर, 1 लाख 30 हजार रुपए नकद, वारदात में प्रयुक्त एक बुलेट, एक बाइक व एक क्रेटा कार जब्त किया है।
बताया जा रहा है कि चोरी करने वाला भूपेंद्र राठौर पूर्व में एक स्कूल में प्राचार्य रह चुका है। वहीं मामले के मास्टर माइंड विनोद वासुदेव ने चोरी की रकम से नई क्रेटा कार खरीद ली थी और चोरी की रकम से किश्त पटा रहा था। पकड़े गए आरोपियों में विनोद कुमार वासुदेव, भूपेन्द्र सिंह राठौर उर्फ गुरुजी, राज प्रजापति कोरबा के मानिकपुर के रहने वाले हैं।
—————————————–
युवक की संदिग्ध मौत: नाले में मिला शव, जांच में जुटी पुलिस
सूरजपुर। सूरजपुर में आज उस वक्त हड़कंप मच गया, जब एक युवक का शव नाले के अंदर मिला। सूचना के बाद मौके पर पहुंची पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजकर जांच शुरु कर दी।
कोल्हूआ नाले में मिला शव

यह पूरा मामला बसदेई चौकी क्षेत्र का है। बताया जा रहा है कि लोगों ने आज सुबह सोनपुर नर्सरी के पास कोल्हूआ नाले में एक शव देखा, जिसकी पहचान सोनपुर निवासी नाहर सिंह के रूप में की गई।
मृतक के सिर पर चोट के निशान मिले हैं ऐसे में हत्या की आशंका जताई जा रही है। हालांकि अभी मौत की वजह स्पष्ट नहीं है। सूचना मिलते ही मौके पर पहुंची पुलिस ने घटनास्थल से साक्ष्य जुटाए और शव को अपने कब्जे में लेकर उसे पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया।
मामला दर्ज कर जांच में जुटी पुलिस
पुलिस का इस मामले में कहना है कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट के बाद ही मौत का कारण स्पष्ट हो सकेगा। फिलहाल मामले की जांच जारी है। वहीं इस घटना से पूरे इलाके में सनसनी फैल गई है।
—————————————————-
बिस्तर पर मिला महिला का शव, दीवार पर खून के छींटे, पति पर शक
बलौदाबाजार। बलौदाबाजार जिले से महिला की हत्या की सनसनीखेज वारदात सामने आई है. भाटापारा ग्रामीण थाना अंतर्गत टोनाटार गांव में 50 वर्षीय महिला की निर्मम हत्या कर दी गई. मृतका का शव उसके ही घर के बिस्तर पर संदिग्ध परिस्थितियों में मिला है, जिसके शरीर पर गंभीर चोट के निशान हैं. इस घटना के बाद से मृतका का पति गायब है.
पुलिस के मुताबिक, मृतका की पहचान 50 वर्षीय रोहनी बंजारे के रूप में हुई है, जो अपने पति लखन बंजारे के साथ टोनाटार गांव में रहती थी. पड़ोसियों ने रोहनी के घर से काफी देर तक कोई हलचल न मिलने पर आवाज लगाई. अंदर से कोई जवाब न आने पर जब पड़ोसियों ने घर के भीतर जाकर देखा, तो उनके होश उड़ गए. रोहनी का शव बिस्तर पर पड़ा हुआ था और आसपास खून फैला हुआ था. घटना की सूचना मिलते ही ग्रामीणों में हड़कंप मच गया और तुरंत इसकी जानकारी पुलिस को दी गई.

धारदार हथियार से हमले की आशंका
सूचना मिलते ही थाना पुलिस और फोरेंसिक विशेषज्ञों की टीम तुरंत मौके पर पहुंची और घटनास्थल का बारिकी से मुआयना किया. प्रारंभिक जांच में मृतिका के पैरों और शरीर के अन्य हिस्सों पर गहरे चोट के निशान पाए गए हैं, जिसे देखकर महिला की हत्या किसी धारदार हथियार से की जाने की आशंका जताई गई है. कमरे की दीवारों और जमीन पर भी खून के छींटे साफ दिखाई दे रहे थे. पुलिस ने मौके से महत्वपूर्ण भौतिक साक्ष्य जुटाए और शव को कब्जे में लेकर पंचनामा के बाद पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया.
पति की तलाश में जुटी पुलिस
घटना के बाद से मृतका का पति लखन बंजारे गायब चल रहा है. पुलिस ने पड़ोसियों और परिजनों से पूछताछ कर मामले की कड़ियां जोड़नी शुरू कर दी हैं. फिलहाल पुलिस हर संभावित एंगल से मामले की गहराई से जांच कर रही है.




