छत्तीसगढ़

छत्तीसगढ़ में लौटेगी कड़ाके की ठंड, पारा गिरेगा 3 डिग्री तक

रायपुर। छत्तीसगढ़ में फिर कड़ाके की ठंड लौटने के आसार हैं। मौसम विभाग के अनुसार, इस दौरान न्यूनतम तापमान में तीन डिग्री सेल्सियस तक गिरावट दर्ज की जा सकती है। इसके चलते प्रदेश के कई इलाकों में शीतलहर का प्रकोप बढ़ने की संभावना जताई जा रही है।
फिलहाल पश्चिमी विक्षोभ के प्रभाव से निचले स्तर पर नमी युक्त हवा प्रदेश में प्रवेश कर रही है। इसी कारण न्यूनतम तापमान में फिलहाल हल्की बढ़ोतरी देखी जा रही है और अगले तीन दिनों तक इसका असर बना रह सकता है। हालांकि विशेषज्ञों का कहना है कि नमी आने से पहले तापमान पहले ही सामान्य से काफी नीचे पहुंच चुका था, इसलिए ठंड का असर पूरी तरह खत्म नहीं हुआ है।

पिछले 24 घंटे में प्रदेश में सबसे कम न्यूनतम तापमान 5.3 डिग्री सेल्सियस अंबिकापुर में दर्ज किया गया। सरगुजा संभाग में ठंड का असर बरकरार है, जबकि रायपुर समेत मध्य छत्तीसगढ़ में तापमान सामान्य के आसपास बना हुआ है।
मौसम विभाग के अनुसार, अगले तीन दिनों में मैदानी इलाकों में न्यूनतम तापमान एक से दो डिग्री तक बढ़ सकता है। यह प्रक्रिया 15 जनवरी तक जारी रहने की संभावना है। इसके बाद पश्चिमी विक्षोभ का असर कमजोर होगा और तापमान में गिरावट के साथ ठंड एक बार फिर जोर पकड़ सकती है। रविवार-सोमवार की दरम्यानी रात रायपुर में न्यूनतम तापमान 13.5 और अधिकतम 28.6 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button