नई दिल्ली। घरेलू शेयर बाजारों में पिछले सप्ताह प्रमुख सूचकांकों के लगभग सपाट रहने के बाद अब आने वाले सप्ताह में बाजार की दिशा कंपनियों के तिमाही नतीजों पर निर्भर करेगी। खासकर आईटी कंपनियों के बेहतर वित्तीय परिणामों से इस सेक्टर में मजबूती बनी हुई है, जो आगे भी जारी रह सकती है। अगले सप्ताह सेंसेक्स की प्रमुख कंपनियों में इंडिगो, कोटक महिंद्रा बैंक और अल्ट्राटेक सीमेंट अपने तिमाही नतीजे पेश करेंगी।
इसके साथ ही 1 फरवरी को संसद में पेश होने वाले आम बजट को लेकर निवेशक सतर्क रुख अपना सकते हैं। पिछले सप्ताह मुंबई नगर निगम चुनाव के चलते गुरुवार को बाजार बंद रहा। सप्ताह के दौरान सोमवार और शुक्रवार को तेजी जबकि मंगलवार और बुधवार को गिरावट देखने को मिली।
बीएसई सेंसेक्स सप्ताह के अंत में मामूली गिरावट के साथ 83,570.35 अंक पर बंद हुआ, जबकि निफ्टी-50 25,694.35 अंक पर रहा। हालांकि मिडकैप और स्मॉलकैप शेयरों में अच्छी खरीदारी देखने को मिली। सेंसेक्स के 30 में से 19 शेयरों में गिरावट रही, जिसमें एलएंडटी, मारुति सुजुकी और सन फार्मा प्रमुख रहे।
वहीं, टेक महिंद्रा, टाटा स्टील, इंफोसिस और एसबीआई जैसे शेयरों में अच्छी तेजी दर्ज की गई। विशेषज्ञों का मानना है कि आने वाले सप्ताह में नतीजों और बजट से जुड़ी खबरें बाजार की चाल तय करेंगी।
