देश दुनियां

सोना-चांदी में आग: सोना 1.45 लाख, चांदी 3 लाख के पार

मुंबई। हफ्ते के पहले कारोबारी दिन सोमवार को सोने और चांदी की कीमतों ने नया रिकॉर्ड बना लिया। अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप द्वारा यूरोप के आठ देशों पर नए टैरिफ लगाने की धमकी के बाद वैश्विक बाजारों में अनिश्चितता बढ़ी, जिसका सीधा असर कीमती धातुओं पर देखने को मिला। निवेशकों ने सुरक्षित निवेश के विकल्प के तौर पर सोना और चांदी की ओर रुख किया, जिससे कीमतों में जोरदार तेजी आई।

एमसीएक्स पर फरवरी डिलीवरी वाला सोना कारोबार के दौरान 1,45,500 रुपये प्रति 10 ग्राम के रिकॉर्ड स्तर तक पहुंच गया, जबकि मार्च डिलीवरी वाली चांदी ने 3,01,315 रुपये प्रति किलो का नया शिखर छू लिया।

खबर लिखे जाने तक एमसीएक्स गोल्ड फरवरी वायदा 1.71 प्रतिशत की बढ़त के साथ 1,44,955 रुपये प्रति 10 ग्राम और सिल्वर मार्च वायदा 4.54 प्रतिशत उछलकर 3,00,824 रुपये प्रति किलो पर कारोबार कर रहा था।

अंतरराष्ट्रीय बाजार में भी सोने ने मजबूती दिखाई और स्पॉट गोल्ड 1.6 प्रतिशत से अधिक बढ़कर 4,700 डॉलर प्रति औंस के करीब पहुंच गया। विशेषज्ञों के मुताबिक, वैश्विक राजनीतिक तनाव, डॉलर में उतार-चढ़ाव और अमेरिका में ब्याज दरों में संभावित कटौती की उम्मीदों से सोने-चांदी को समर्थन मिल रहा है।

बाजार विश्लेषकों का कहना है कि आने वाले दिनों में कीमतों में उतार-चढ़ाव बना रह सकता है, हालांकि लंबी अवधि में खासकर चांदी की मांग सोलर एनर्जी, इलेक्ट्रिक वाहन और इलेक्ट्रॉनिक्स सेक्टर के कारण मजबूत बनी रहने की संभावना है।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button