छत्तीसगढ़

कोंडागांव की जूडो खिलाड़ी योगिता मंडावी को प्रधानमंत्री राष्ट्रीय बाल पुरस्कार

कोंडागांव। छत्तीसगढ़ के कोंडागांव जिले की होनहार जूडो खिलाड़ी योगिता मंडावी ने अपनी मेहनत और जज्बे से प्रदेश और देश का नाम रोशन किया है। योगिता को जूडो के क्षेत्र में उत्कृष्ट प्रदर्शन के लिए 26 दिसंबर 2025 को राष्ट्रपति के हाथों प्रधानमंत्री राष्ट्रीय बाल पुरस्कार से सम्मानित किया गया। यह सम्मान उनकी कम उम्र में राष्ट्रीय स्तर पर निरंतर शानदार उपलब्धियों के लिए प्रदान किया गया है।

कुमारी योगिता मंडावी छत्तीसगढ़ राज्य बाल कल्याण परिषद द्वारा संचालित बालिका गृह कोंडागांव में रहकर प्रशिक्षण प्राप्त कर रही हैं। मुख्यमंत्री विष्णु देव साय ने योगिता की इस उपलब्धि पर प्रसन्नता व्यक्त करते हुए उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की है। उन्होंने कहा कि प्रतिभाशाली बच्चों की सफलता नई पीढ़ी को आगे बढ़ने की प्रेरणा देती है।

योगिता का जीवन संघर्षों से भरा रहा है। मात्र चार वर्ष की आयु में माता-पिता का साया उठ जाने के बाद उनका पालन-पोषण बालिका गृह कोंडागांव में हुआ। कठिन परिस्थितियों के बावजूद योगिता ने हार नहीं मानी और 13 वर्ष की उम्र में राज्य स्तर पर श्रेष्ठ खिलाड़ी बनीं। 14 वर्ष की आयु में उन्होंने राष्ट्रीय स्तर पर पदक जीतना शुरू कर दिया।

बालिका गृह की अधीक्षिका मणि शर्मा और जिला कलेक्टर नूपुर राशि पन्ना ने योगिता की उपलब्धि को जिले के लिए गौरवपूर्ण बताया। योगिता की सफलता बाल कल्याण संस्थाओं में रह रहे बच्चों के लिए प्रेरणास्रोत बन गई है।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button