कोरबा। कोरबा-कटघोरा मार्ग स्थित जेलगांव नेशनल हाईवे पर शुक्रवार को उस समय अफरा-तफरी मच गई, जब एक चलती कार में अचानक भीषण आग लग गई। देखते ही देखते आग ने पूरी कार को अपनी चपेट में ले लिया और कुछ ही मिनटों में वाहन जलकर खाक हो गया।
जानकारी के अनुसार, कार में भाजपा के पूर्व प्रदेश मंत्री विकास महतो के भाई डॉ. विवेक महतो समेत तीन लोग सवार थे। आग लगते ही सभी ने तत्परता दिखाते हुए कार से बाहर कूदकर अपनी जान बचाई। घटना में किसी के हताहत होने की सूचना नहीं है।
घटना की जानकारी मिलते ही सीएसईबी की फायर ब्रिगेड टीम मौके पर पहुंची और कड़ी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया। हालांकि तब तक कार पूरी तरह जल चुकी थी।
प्रारंभिक आशंका शॉर्ट सर्किट या तकनीकी खराबी की जताई जा रही है। घटना का वीडियो भी सामने आया है, जिसमें कार धू-धू कर जलती नजर आ रही है।
