रायपुर। संवाददाता: लोक निर्माण विभाग के सचिव मुकेश कुमार बंसल ने बिलासपुर परिक्षेत्र के विभागीय एवं निर्माण कार्यों की समीक्षा करते हुए अधिकारियों को निर्माण कार्यों में तेजी लाने और सभी प्रक्रियाएं समय-सीमा के भीतर पूरी करने के निर्देश दिए हैं।
नवा रायपुर स्थित निर्माण भवन में आयोजित समीक्षा बैठक में उन्होंने विभागीय अभियंताओं से कहा कि निर्माण कार्यों की गुणवत्ता और निर्धारित समय-सीमा में पूर्णता विभाग की सर्वोच्च प्राथमिकता है। उन्होंने स्पष्ट किया कि गुणवत्ता से किसी भी तरह का समझौता स्वीकार्य नहीं होगा।
बैठक में लोक निर्माण विभाग के प्रमुख अभियंता वी.के. भतपहरी और अपर सचिव एस.एन. श्रीवास्तव भी मौजूद रहे।
सप्ताह में दो दिन फील्ड में रहेंगे अधिकारी
सचिव मुकेश कुमार बंसल ने अधिकारियों को प्रो-एक्टिव होकर काम करने और प्राक्कलन से लेकर निविदा प्रक्रिया तक सभी कार्य तेजी से पूरा करने के निर्देश दिए।
उन्होंने सभी कार्यपालन अभियंताओं को अपने-अपने जिलों के कलेक्टरों से बेहतर समन्वय रखने को कहा, ताकि निर्माण कार्यों से जुड़े मामलों और कार्यस्थलों की समस्याओं का जल्द निराकरण हो सके।
मैदानी अधिकारियों को सप्ताह में कम से कम दो दिन फील्ड में रहकर निर्माण कार्यों की कड़ी मॉनिटरिंग और निरीक्षण करने के निर्देश दिए गए।
ठेकेदारों के कार्यों की होगी कड़ी मॉनिटरिंग
सचिव ने ठेकेदारों के कार्यों पर लगातार नजर रखने और निर्धारित मापदंडों के अनुरूप निर्माण सुनिश्चित करने को कहा।
उन्होंने सड़कों और भवनों के निर्माण के हर चरण में गुणवत्ता की जांच करने के निर्देश दिए, ताकि मजबूत और टिकाऊ निर्माण सुनिश्चित हो सके।
सड़कों और पुलों के नए प्रस्ताव तैयार करते समय भविष्य की जरूरतों और बढ़ते यातायात को ध्यान में रखने के लिए भी अधिकारियों को कहा गया।
अक्टूबर तक शुरू हों निविदा हो चुके कार्य
लोक निर्माण विभाग के सचिव ने ऐसे नए कार्य, जिनकी निविदा प्रक्रिया पूरी हो चुकी है, उन्हें अक्टूबर तक शुरू करने के निर्देश दिए।
उन्होंने कहा कि कार्य शुरू होने के बाद उसकी गति और गुणवत्ता दोनों पर लगातार कड़ी नजर रखी जाए।
सड़क और पुलों के रखरखाव पर भी उन्होंने विशेष जोर दिया। उन्होंने कहा कि सड़कें साफ-सुथरी, सुंदर और व्यवस्थित दिखाई देनी चाहिए।
बारिश से क्षतिग्रस्त सड़कों और पुलों की तत्काल मरम्मत
बारिश के दौरान क्षतिग्रस्त हुई सड़कों और पुलों की तत्काल मरम्मत करने के निर्देश दिए गए, ताकि लोगों की आवाजाही बाधित न हो।
विभागीय सचिव ने निर्माण कार्यों के साथ-साथ मौजूदा अधोसंरचना के रखरखाव को भी प्राथमिकता देने को कहा।
भूमि नामांतरण के प्रकरण एक महीने में निपटाने के निर्देश
मुकेश कुमार बंसल ने कार्यपालन अभियंताओं और अनुविभागीय अधिकारियों को एसडीएम से समन्वय कर विभिन्न निर्माण कार्यों के लिए अधिग्रहित भूमि के नामांतरण की जांच करने के निर्देश दिए।
उन्होंने भू-अर्जन से जुड़े नए और पुराने प्रकरणों में नामांतरण की कार्यवाही एक माह में पूरी करने को कहा।
जमा पद के पूर्ण कार्यों को तत्काल संबंधित विभागों को हैंडओवर करने के निर्देश भी दिए गए।
विश्रामगृहों और सर्किट हाउस के रखरखाव की समीक्षा
बैठक में विभागीय विश्रामगृहों और सर्किट हाउसों के संचालन एवं रखरखाव की भी जानकारी ली गई।
सचिव ने विभागीय भवनों में बेहतर साफ-सफाई और रखरखाव सुनिश्चित करने तथा पूरे परिसर को व्यवस्थित रखने के निर्देश दिए।
बैठक में लोक निर्माण विभाग की उप सचिव अंशिका पाण्डेय, छत्तीसगढ़ सड़क एवं अधोसंरचना विकास निगम के अतिरिक्त प्रबंध संचालक शशांक पाण्डेय, बिलासपुर परिक्षेत्र के मुख्य अभियंता आर.के. रात्रे और जी.एस. मंडावी, अधीक्षण अभियंता के.पी. संत सहित बिलासपुर परिक्षेत्र के सभी 9 संभागों के कार्यपालन अभियंता और अनुविभागीय अधिकारी उपस्थित रहे।
