गरियाबंद। संवाददाता: छत्तीसगढ़ के गरियाबंद जिले में पत्नी के मायके जाने से नाराज पति ने पड़ोसियों पर कुल्हाड़ी से हमला कर दिया। शोभा थाना क्षेत्र के पेंड्रा गांव में हुई इस वारदात में 38 वर्षीय खोलबहरा सोरी की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि 25 वर्षीय नरेंद्र सोरी गंभीर रूप से घायल हो गया।
हत्या के बाद आरोपी हीरालाल नागेश (32) ने खुद को अपने घर में बंद कर लिया। पुलिस को उसे पकड़ने के लिए करीब 7 घंटे तक ऑपरेशन चलाना पड़ा। इस दौरान आरोपी ने पुलिसकर्मियों पर गुलेल से हमला करने की कोशिश की। आखिरकार पुलिस ने मिर्ची के धुएं का इस्तेमाल कर आरोपी को घर से बाहर निकाला और गिरफ्तार कर लिया।
पत्नी के मायके जाने से था नाराज
पुलिस के मुताबिक, हीरालाल नागेश राजमिस्त्री का काम करता है। उसकी पत्नी जागेश्वरी के साथ अक्सर विवाद होता था। सोमवार रात भी दोनों के बीच विवाद हुआ था।
मंगलवार सुबह पत्नी उसके उठने से पहले मायके चली गई। जागने के बाद हीरालाल पत्नी को तलाशने लगा। उसे शक था कि पड़ोसियों ने उसकी पत्नी को घर छोड़कर मायके जाने के लिए उकसाया है।
इसी शक को लेकर पहले उसका नरेंद्र सोरी से विवाद हुआ। इसके बाद विवाद बढ़ने पर उसने खोलबहरा सोरी पर कुल्हाड़ी से हमला कर दिया। गंभीर चोट लगने से खोलबहरा की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि नरेंद्र घायल हो गया।
हत्या के बाद घर में बंद हुआ आरोपी
घटना की सूचना मिलते ही शोभा थाना पुलिस मौके पर पहुंची। हालांकि पुलिस के पहुंचने से पहले ही आरोपी खुद को घर के अंदर बंद कर चुका था।
पुलिस ने जब उसे बाहर निकालने का प्रयास किया तो आरोपी ने गुलेल से पुलिसकर्मियों पर हमला किया। इस दौरान कुछ पुलिसकर्मियों के घायल होने की जानकारी सामने आई है।
स्थिति गंभीर होने पर मैनपुर पुलिस और एसडीओपी के नेतृत्व में दो थानों के 50 से अधिक जवानों को मौके पर बुलाया गया। पुलिस ने आरोपी के घर की घेराबंदी कर दी।
मिर्ची के धुएं से बाहर निकाला आरोपी
काफी देर तक आरोपी के घर से बाहर नहीं निकलने पर पुलिस ने उसे बाहर निकालने के लिए छत के रास्ते से मिर्ची का धुआं छोड़ा।
धुआं फैलने के बाद आरोपी घर से बाहर आया। इसके बाद वह करीब 200 मीटर तक पुलिसकर्मियों को दौड़ाता रहा और हमला करने की कोशिश करता रहा।
पुलिस जवानों ने काफी मशक्कत के बाद उसे काबू में लिया। करीब 7 घंटे तक चले ऑपरेशन के बाद आरोपी को गिरफ्तार कर लिया गया।
गांव में फैली दहशत, स्कूल-आंगनबाड़ी भी नहीं खुले
हत्या और आरोपी के घर में छिपे होने की घटना के बाद पेंड्रा गांव में दहशत का माहौल बन गया। सड़क पर शव पड़े होने और आरोपी के लगातार आक्रामक व्यवहार के कारण ग्रामीण अपने घरों में ही दुबके रहे।
घटना का असर गांव की सामान्य गतिविधियों पर भी पड़ा। डर के कारण स्कूल और आंगनबाड़ी केंद्र तक नहीं खुले।
हत्या और जानलेवा हमले का मामला दर्ज
शोभा थाना प्रभारी पवन वर्मा के अनुसार आरोपी को गिरफ्तार कर लिया गया है। उसके खिलाफ हत्या, जानलेवा हमला और अन्य संबंधित धाराओं के तहत कार्रवाई की जा रही है।
पुलिस पूरे घटनाक्रम के कारणों और वारदात से जुड़े अन्य पहलुओं की जांच कर रही है।
