देश दुनियां

सोना-चांदी में भारी गिरावट, मार्जिन बढ़ोतरी और मजबूत डॉलर का असर

मुंबई । सोमवार को घरेलू वायदा बाजार में सोने और चांदी की कीमतों में तेज गिरावट देखने को मिली। अमेरिका में शिकागो मर्केंटाइल एक्सचेंज (CME) पर मार्जिन जरूरतों में बढ़ोतरी लागू होने की आशंका से निवेशकों में सतर्कता बढ़ गई, जिसका सीधा असर बुलियन बाजार पर पड़ा।

MCX पर फरवरी डिलीवरी वाला सोना इंट्रा-डे में 1.77 प्रतिशत गिरकर 10 ग्राम के लिए 1,45,132 रुपये पर आ गया। वहीं मार्च वायदा चांदी 6.88 प्रतिशत टूटकर 1 किलोग्राम के लिए 2,47,386 रुपये पर कारोबार करती दिखी। विश्लेषकों के अनुसार रिकॉर्ड ऊंचाई के बाद मुनाफावसूली और वैश्विक संकेतों के चलते दबाव बढ़ा है।

विशेषज्ञों का कहना है कि अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप द्वारा केविन वॉर्श को अगला फेड चेयरमैन चुने जाने के बाद बाजार की धारणा कमजोर हुई, क्योंकि उन्हें ब्याज दरों के मामले में अधिक सख्त माना जा रहा है। मजबूत डॉलर, बढ़ती अमेरिकी ट्रेजरी यील्ड और बेहतर महंगाई आंकड़ों ने भी कीमती धातुओं पर दबाव डाला।

हालांकि, लंबी अवधि में सुरक्षित निवेश की मांग, केंद्रीय बैंकों की खरीद और औद्योगिक मांग के चलते सोना-चांदी में तेजी का रुझान बना रहने की उम्मीद जताई जा रही है। विशेषज्ञों ने निवेशकों को फिलहाल सतर्क रणनीति अपनाने की सलाह दी है।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button