छत्तीसगढ़देश दुनियां

जशपुर में प्राकृतिक आपदा पीड़ित परिवारों को राहत, चार मामलों में 16 लाख रुपये की आर्थिक सहायता मंजूर

जशपुर जिले में प्राकृतिक आपदाओं से हुई चार मौतों के मामलों में कलेक्टर रोहित व्यास ने आरबीसी 6-4 के तहत कुल 16 लाख रुपये की आर्थिक सहायता स्वीकृत की है। प्रत्येक पात्र परिवार को 4-4 लाख रुपये की अनुग्रह राशि प्रदान की जाएगी।

रायपुर। छत्तीसगढ़ के जशपुर जिले में प्राकृतिक आपदाओं से प्रभावित परिवारों को राहत प्रदान करते हुए जिला प्रशासन ने चार अलग-अलग मामलों में कुल 16 लाख रुपये की आर्थिक सहायता स्वीकृत की है। कलेक्टर श्री रोहित व्यास ने राजस्व पुस्तक परिपत्र (आर.बी.सी.) 6-4 के तहत प्रत्येक पात्र परिवार को 4-4 लाख रुपये की अनुग्रह सहायता मंजूर की है।

अपर कलेक्टर श्री प्रदीप साहू से प्राप्त जानकारी के अनुसार, बगीचा तहसील के ग्राम ओंड़का निवासी स्वर्गीय भदवा राम की मधुमक्खी के काटने से मृत्यु हो गई थी। इस प्रकरण में उनकी पत्नी श्रीमती सुमित्रा को 4 लाख रुपये की सहायता राशि स्वीकृत की गई है।

इसी प्रकार बगीचा तहसील के ग्राम कुरडेग निवासी स्वर्गीय सुमित्रा पैंकरा की कुएं में डूबने से मृत्यु होने पर उनके पति श्री मनमोहन पैंकरा को 4 लाख रुपये की आर्थिक सहायता दी जाएगी।

मनोरा तहसील के ग्राम पकरीटोली निवासी स्वर्गीय बसिन्दर राम (प्रजापति) की नदी में बाढ़ के पानी में डूबने से हुई मृत्यु के मामले में उनकी पत्नी श्रीमती लीलावती बाई को 4 लाख रुपये की अनुग्रह राशि स्वीकृत की गई है।

वहीं सन्ना तहसील के ग्राम चटकपुर निवासी स्वर्गीय देवसिंह की तालाब में डूबने से मृत्यु होने के मामले में उनकी पत्नी श्रीमती बनपति बाई तथा पुत्र अर्जुन कुमार और अरविन्द कुमार को संयुक्त रूप से 4 लाख रुपये की सहायता राशि प्रदान की जाएगी।

जिला प्रशासन ने बताया कि प्राकृतिक आपदाओं और आकस्मिक जनहानि से प्रभावित परिवारों को समयबद्ध राहत उपलब्ध कराने के लिए आवश्यक कार्रवाई प्राथमिकता के आधार पर की जा रही है, ताकि संकट की घड़ी में पात्र परिवारों को शीघ्र आर्थिक संबल मिल सके।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button