स्वतंत्रता दिवस के अवसर पर ‘हर घर तिरंगा’ अभियान के तहत CRPF की 211वीं वाहिनी ने नया रायपुर, अभनपुर, राजिम, फिंगेश्वर और जामगांव सहित कई क्षेत्रों में भव्य तिरंगा यात्रा निकाली। कमान्डेंट डॉ. विनोद कुमार टंडन के मार्गदर्शन में आयोजित यात्रा के दौरान जवानों ने नागरिकों, विद्यार्थियों और युवाओं को राष्ट्रीय ध्वज वितरित कर घरों पर तिरंगा फहराने के लिए प्रेरित किया। विभिन्न स्कूलों और संस्थानों में जवानों का गर्मजोशी से स्वागत किया गया।

रायपुर। स्वतंत्रता दिवस के अवसर पर ‘हर घर तिरंगा’ अभियान के तहत CRPF की 211वीं वाहिनी ने नया रायपुर, अभनपुर, राजिम, फिंगेश्वर और जामगांव सहित कई स्थानों पर भव्य तिरंगा यात्रा निकाली। यात्रा के दौरान देशभक्ति, राष्ट्रीय एकता और तिरंगे के सम्मान का संदेश दिया गया।
कमान्डेंट डॉ. विनोद कुमार टंडन के मार्गदर्शन में अभियान की शुरुआत थनौद, नया रायपुर स्थित 211वीं वाहिनी मुख्यालय से हुई। अधिकारियों और जवानों ने हाथों में तिरंगा लेकर यात्रा शुरू की और लोगों को स्वतंत्रता दिवस पर अपने घरों में राष्ट्रीय ध्वज फहराने के लिए प्रेरित किया।
हजारों लोगों को बांटे तिरंगे
तिरंगा यात्रा श्री रावतपुरा सरकार चिकित्सा विज्ञान एवं अनुसंधान संस्थान, बालको मेडिकल सेंटर, शासकीय हाई स्कूल ठेलकाबांधा, राजिम, फिंगेश्वर और जामगांव पहुंची। विभिन्न स्थानों पर नागरिकों, विद्यार्थियों, शिक्षकों, स्वास्थ्यकर्मियों और जनप्रतिनिधियों ने CRPF जवानों का गर्मजोशी से स्वागत किया।
जवानों ने बड़ी संख्या में राष्ट्रीय ध्वज वितरित किए और लोगों से स्वतंत्रता दिवस के अवसर पर गर्व के साथ अपने घरों पर तिरंगा फहराने की अपील की।

बच्चों और युवाओं में दिखा उत्साह
राजिम के पंडित रामबिशाल पांडेय स्वामी आत्मानंद उत्कृष्ट विद्यालय में विद्यार्थियों ने देशभक्ति गीतों और स्वागत कार्यक्रम के माध्यम से जवानों का अभिनंदन किया।
विद्यालय के इको क्लब के बच्चों ने बताया कि उन्होंने इस वर्ष चार लाख सीड बॉल तैयार किए हैं। इसके माध्यम से विद्यार्थियों ने पर्यावरण संरक्षण का संदेश भी दिया।
फिंगेश्वर के शासकीय ठाकुर दलगंजन हायर सेकेंडरी स्कूल में कमान्डेंट डॉ. टंडन ने अपने छात्र जीवन की यादें साझा कीं। उन्होंने विद्यार्थियों से मेहनत, अनुशासन और देश सेवा की भावना के साथ अपने लक्ष्य हासिल करने का आह्वान किया।
इस अवसर पर शिक्षिकाओं ने CRPF जवानों को राखी बांधकर सम्मानित भी किया।

गुरुजनों का लिया आशीर्वाद
जामगांव के शासकीय हायर सेकेंडरी स्कूल में कमान्डेंट डॉ. विनोद कुमार टंडन ने अपने गुरु श्री कुमार निषाद से आशीर्वाद लिया और विद्यार्थियों से आत्मीय संवाद किया।
उन्होंने कहा कि शिक्षा, अनुशासन और राष्ट्रप्रेम देश को मजबूत बनाने के आधार हैं।
हर घर तिरंगा अभियान का दिया संदेश
CRPF 211वीं वाहिनी की तिरंगा यात्रा का मुख्य उद्देश्य ‘हर घर तिरंगा’ अभियान को जन-जन तक पहुंचाना, युवाओं और बच्चों में राष्ट्रप्रेम की भावना जगाना तथा राष्ट्रीय ध्वज के प्रति सम्मान बढ़ाना रहा।
कार्यक्रम के समापन पर कमान्डेंट डॉ. विनोद कुमार टंडन ने सभी संस्थानों, नागरिकों, शिक्षकों, विद्यार्थियों और सहयोगी संगठनों का आभार व्यक्त किया।
इस अवसर पर सेकेंड कमांडेंट श्री प्रज्ञेश कुमार अटल, डिप्टी कमांडेंट श्री इकबाल अहमद, असिस्टेंट कमांडेंट श्री अनिल कुमार राय सहित CRPF के अधिकारी और जवान मौजूद रहे।
तिरंगा यात्रा ने पूरे क्षेत्र में देशभक्ति का उत्साह भर दिया और नागरिकों को राष्ट्रीय ध्वज के सम्मान के साथ स्वतंत्रता दिवस मनाने का संदेश दिया।
