नई दिल्ली । फरवरी का महीना शुरू हो चुका है, लेकिन ठंड का असर अभी कम होने के आसार नजर नहीं आ रहे हैं। भारतीय मौसम विज्ञान विभाग (IMD) ने देश के कई हिस्सों में बारिश और शीतलहर को लेकर चेतावनी जारी की है। मौसम विभाग के अनुसार, उत्तर भारत के सात राज्यों में बारिश होने से ठंड और बढ़ेगी तथा 14 फरवरी तक सर्दी से राहत मिलने की संभावना नहीं है।
आईएमडी ने बताया कि देश के 21 जिलों में शीतलहर चल सकती है, जबकि पहाड़ी इलाकों में भारी बर्फबारी की आशंका है। 2 और 3 फरवरी को उत्तर प्रदेश, हिमाचल प्रदेश, उत्तराखंड, जम्मू-कश्मीर, लद्दाख, पंजाब और हरियाणा में बारिश हो सकती है। इसके अलावा पूर्वी राजस्थान और महाराष्ट्र को मिलाकर कुल 9 राज्यों में मौसम खराब रहने की चेतावनी दी गई है।
मौसम विभाग के मुताबिक, हिमाचल प्रदेश, उत्तराखंड, जम्मू-कश्मीर और लद्दाख में तेज हवाएं 50 किमी प्रति घंटे की रफ्तार से चल सकती हैं, साथ ही बिजली गिरने की भी संभावना है। दिल्ली-एनसीआर में आज मौसम साफ रहेगा, लेकिन सुबह घना कोहरा और तेज हवाएं देखने को मिलीं। राजधानी में अधिकतम तापमान 22 और न्यूनतम 9 डिग्री सेल्सियस रहने का अनुमान है।
उत्तर प्रदेश के कई जिलों में मध्यम से भारी बारिश को लेकर येलो अलर्ट जारी किया गया है, जबकि बिहार में फिलहाल मौसम सामान्य बने रहने की संभावना है।
