नई दिल्ली। मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय ने नई दिल्ली स्थित ट्राइबल यूथ हॉस्टल, द्वारका में रहकर संघ लोक सेवा आयोग (UPSC) की सिविल सेवा प्रारंभिक परीक्षा-2026 में सफलता प्राप्त करने वाले विद्यार्थियों से मुलाकात कर उनका उत्साहवर्धन किया। इस दौरान उन्होंने सफल अभ्यर्थियों को मुख्य परीक्षा के लिए शुभकामनाएं दीं और उनकी उपलब्धि को छत्तीसगढ़ के युवाओं के लिए प्रेरणादायी बताया।
मुख्यमंत्री ने कहा कि इन विद्यार्थियों की सफलता यह साबित करती है कि प्रतिभा आर्थिक संसाधनों या पारिवारिक पृष्ठभूमि की मोहताज नहीं होती। सीमित संसाधनों के बावजूद विद्यार्थियों ने अपने परिश्रम, अनुशासन और दृढ़ संकल्प के बल पर देश की सबसे प्रतिष्ठित प्रतियोगी परीक्षाओं में से एक के प्रथम चरण में सफलता हासिल की है।
मुख्यमंत्री ने विद्यार्थियों से उनकी तैयारी, संघर्ष और भविष्य की योजनाओं पर विस्तार से चर्चा की। विद्यार्थियों ने ट्राइबल यूथ हॉस्टल में उपलब्ध अध्ययन वातावरण, मार्गदर्शन और सुविधाओं की सराहना करते हुए बताया कि राज्य सरकार द्वारा उपलब्ध कराए गए अनुकूल माहौल ने उन्हें बड़े लक्ष्य निर्धारित करने और उन्हें प्राप्त करने का आत्मविश्वास दिया।
उन्होंने कहा कि प्रारंभिक परीक्षा केवल एक महत्वपूर्ण पड़ाव है, जबकि वास्तविक लक्ष्य मुख्य परीक्षा और साक्षात्कार में उत्कृष्ट प्रदर्शन करना है। मुख्यमंत्री ने विद्यार्थियों को समय प्रबंधन, अनुशासन और सकारात्मक सोच के साथ तैयारी जारी रखने की सलाह दी।
मुख्यमंत्री श्री साय ने कहा कि प्रशासनिक सेवाएं केवल एक प्रतिष्ठित करियर नहीं, बल्कि समाज और राष्ट्र की सेवा का प्रभावी माध्यम हैं। उन्होंने युवाओं से अपेक्षा की कि वे भविष्य में जनसेवा, पारदर्शिता और संवेदनशीलता को सर्वोच्च प्राथमिकता देंगे।
इस अवसर पर मुख्यमंत्री ने बताया कि वंचित एवं प्रतिभाशाली युवाओं को बेहतर अवसर उपलब्ध कराने के लिए नई दिल्ली स्थित ट्राइबल यूथ हॉस्टल की सीट क्षमता 50 से बढ़ाकर 200 कर दी गई है। इससे दूरस्थ वनांचल, जनजातीय और ग्रामीण क्षेत्रों के विद्यार्थियों को राजधानी में रहकर UPSC सहित अन्य राष्ट्रीय स्तर की प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी का अवसर मिल रहा है।
कार्यक्रम में उप मुख्यमंत्री विजय शर्मा तथा स्वास्थ्य मंत्री श्याम बिहारी जायसवाल भी उपस्थित रहे। उन्होंने भी विद्यार्थियों को बधाई देते हुए मुख्य परीक्षा के लिए शुभकामनाएं दीं।
उल्लेखनीय है कि UPSC सिविल सेवा प्रारंभिक परीक्षा-2026 में ट्राइबल यूथ हॉस्टल, द्वारका में रहकर तैयारी करने वाले 13 अभ्यर्थियों ने सफलता प्राप्त की है। इनमें गौतम कुमार, कुलभूषण सिंह पोया, हरि चंद्र प्रकाश सिंह, मयंक रात्रे, मलिकराम पटेल, आर्यन राठौर, चेतन लाल, हरीश कुमार पटेल, किशन लाल साहू, सत्यनारायण चंद्राकर, दीक्षा दिवाकर, विकेश कुर्रे एवं प्रकाश पटेल शामिल हैं। यह उपलब्धि छत्तीसगढ़ के लिए गौरव का विषय मानी जा रही है।
