
रायपुर: शहर में फ्रॉड, ठगी और फर्जीवाड़ा जैसी वारदातें थमने का नाम नहीं ले रही हैं। पुलिस ऐसे तत्वों के खिलाफ लगातार कार्रवाई भी कर रही है, बावजूद आम लोगों में जागरूकता की कमी के चलते इनके हौसले बुलंद हैं और आसानी से वारदात को अंजाम देकर फरार हो रहे हैं।
ताजा मामला कमिश्नरेट मध्य जोन अंतर्गत तेलीबांधा थाना क्षेत्र के कटोरा तालाब इलाके का है। यहाँ एक कारोबारी दिनदहाड़े उठाईगिरी का शिकार हो गया है। किसी अज्ञात आरोपी ने कारोबारी की स्कूटी से 10 लाख रुपये नकद पार कर दिए और मौके से फरार हो गया।
पीड़ित कारोबारी का नाम किशोर बलवानी है। जानकारी के मुताबिक किशोर बलवानी ने अपनी स्कूटी में 10 लाख रुपये नकद रखे थे। इसी दौरान वह कटोरा तालाब के पास एक पान दुकान में पान खाने के लिए ठहरा। वह पान चबाकर जैसे ही लौटा तो देखा गाड़ी में रकम से भरा थैला गायब है। पैसे न पाकर किशोर के पैरों तले जमीन खिसक गई। उन्होंने आसपास के लोगों को इसकी जानकारी दी। हालाँकि इस वारदात को किसने अंजाम दिया, यह पता नहीं चल सका है।
पुलिस ने शुरू की तलाश
बहरहाल, किशोर बलवानी ने इसकी प्राथमिक सूचना पुलिस को दे दी है। पुलिस ने अज्ञात आरोपी के खिलाफ संबंधित धाराओं में अपराध दर्ज कर उसकी तलाश शुरू कर दी है। आरोपी की पहचान के लिए आसपास के सीसीटीवी कैमरों के फुटेज खंगाले जा रहे हैं। वहाँ मौजूद दुकानदारों और लोगों से भी बातचीत कर जानकारी जुटाई जा रही है। पुलिस का दावा है कि उसे जल्द ही उठाईगीर को गिरफ्तार कर लिया जाएगा।
——————
रायपुर के अमलीडीह में डीजे पर डांस को लेकर विवाद, युवक की चाकू मारकर हत्या
रायपुर। छत्तीसगढ़ की राजधानी रायपुर में अपराध का ग्राफ थामने का नाम नहीं ले रहा है। शनिवार देर रात राजेंद्र नगर थाना क्षेत्र अंतर्गत अमलीडीह में सनसनीखेज वारदात सामने आई, जहां डीजे पर नाचने को लेकर हुए विवाद में नाबालिग ने 18 वर्षीय युवक गौरव सेन पर चाकुओं से ताबड़तोड़ हमला कर उसे मौत के घाट उतार दिया। रिहायशी इलाके के पास हुई इस खूनी वारदात से पूरे क्षेत्र में दहशत और आक्रोश का माहौल है।
प्राप्त जानकारी के अनुसार वारदात अमलीडीह के व्यस्त स्वर्ण जयंती चौक के समीप घटित हुई। शनिवार की रात गौरव सेन वहां मौजूद था, तभी डीजे पर डांस करने को लेकर युवक का नाबालिग से विवाद हो गया। नाबालिग ने उसपर धारदार चाकू से हमला कर दिया। जानलेवा हमले में गौरव गंभीर रूप से लहूलुहान होकर सड़क पर गिर पड़ा।

वारदात के बाद इलाके में मची अफरातफरी
चाकूबाजी की सूचना मिलते ही स्वर्ण जयंती चौक के पास लोगों की भारी भीड़ जमा हो गई। स्थानीय लोगों ने तत्काल इसकी सूचना पुलिस को दी। गंभीर रूप से घायल गौरव सेन को तुरंत अस्पताल पहुंचाने की कोशिश की गई, लेकिन अत्यधिक खून बह जाने के कारण उसने दम तोड़ दिया। अस्पताल में चिकित्सकों ने परीक्षण के बाद उसे मृत घोषित कर दिया।
सूचना पाकर राजेंद्र नगर थाना पुलिस और उच्चाधिकारी फौरन घटनास्थल पर पहुंचे। पुलिस ने शव का पंचनामा कर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। पुलिस मामले की जांच कर रही है।
——————–
डबल मर्डर केस का खुलासा : जादू-टोने के शक में युवक ने की बुजुर्ग दंपति की हत्या
आरंग. रायपुर ग्रामीण पुलिस की थाना आरंग टीम ने ग्राम बिरबिरा में हुए अंधे कत्ल की गुत्थी को 48 घंटे के भीतर सुलझाने में बड़ी सफलता हासिल की है. अपनी मां की मृत्यु का कारण जादू-टोना मानकर रंजिश पालने वाले पड़ोसी युवक ने ही बुजुर्ग दंपति की कुल्हाड़ी और हंसिया से हत्या कर लूटपाट की घटना को अंजाम दिया था. पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार कर आला-ए-कत्ल और लूटे गए सोने-चांदी के शत-प्रतिशत जेवरात बरामद कर लिए हैं.
क्या है पूरा मामला ?
8 अक्टूबर को ग्राम बिरबिरा के सरपंच चम्मन लाल साहू ने थाना आरंग पहुंचकर पुलिस को सूचना दी कि गांव के बुजुर्ग सदाशी साहू और उनकी पत्नी आसबती साहू की उनके ही घर में घुसकर किसी अज्ञात व्यक्ति द्वारा धारदार हथियार से नृशंस हत्या कर दी गई है.
सूचना मिलते ही थाना प्रभारी निरीक्षक नरेश साहू के नेतृत्व में पुलिस टीम, फॉरेंसिक एक्सपर्ट्स और डॉग स्क्वायड के साथ मौके पर पहुंची. घर के अलग-अलग कमरों में दंपति के शव खून से लथपथ हालत में मिले. पुलिस ने तत्काल भारतीय न्याय संहिता (BNS) की धारा 103(1) और 331(7) के तहत अपराध क्रमांक 481/2026 दर्ज कर तफ्तीश शुरू की.

अंधविश्वास और लूट का लालच में हत्या
विवेचना के दौरान पुलिस ने गांव के ही 22 वर्षीय संदेही प्रमोद उर्फ रॉकी साहू को हिरासत में लेकर कड़ी पूछताछ की. पूछताछ में आरोपी ने अपना जुर्म कबूल करते हुए चौंकाने वाला खुलासा किया. उसने पुलिस को बताया कि एक साल पहले मां की मृत्यु हो गई थी. उसे संदेह था कि मृतक दंपति ने जादू-टोना (टोनही) करके उसकी मां को मारा है. आरोपी ने यह भी बताया कि उसे पता था कि दंपति के पास काफी जमीन है और मृतिका आसबती हमेशा सोने-चांदी के कीमती जेवर पहनती हैं. मामले में अंधविश्वास की पुष्टि होने पर दर्ज अपराध में BNS की धारा 109(6) और छत्तीसगढ़ टोनही प्रताड़ना निवारण अधिनियम की धारा 4 और 5 भी जोड़ी गई है.
पुलिस पूछताछ में सामने आया कि 6 अक्टूबर 2026 की रात लगभग 11:30 बजे घर में सबके सोने के बाद आरोपी टंगिया (कुल्हाड़ी) और हंसिया लेकर निकला. वह पड़ोसियों की छतों के रास्ते होते हुए सदाशी साहू के मकान की छत से नीचे उतरा. उसने पहले कमरे में सो रहे सदाशी साहू के सिर पर टंगिया से हमला कर उनकी हत्या कर दी. दूसरे कमरे में सो रही आसबती साहू के सिर और गले पर टंगिया से हमला किया, फिर सीने और पेट पर हंसिया से हमला कर मौत के घाट उतारा. हत्या के बाद उसने मृतिका के शरीर से चांदी का कमरबंध, ऐंठी, माला, सोने की खिनवा, अंगूठी, बिछिया और सिक्के लूट लिए. साक्ष्य छिपाने की नीयत से उसने खून से सने हथियारों को नाली में धोया और एक सफेद बोरी में भरकर तामासिवनी रोड किनारे झाड़ियों में छिपा दिया था.
निशानदेही पर लूट के सामान और हथियार बरामद
पुलिस ने आरोपी प्रमोद की निशानदेही पर घटना में प्रयुक्त कुल्हाड़ी, हंसिया, खून से सनी जींस-पैंट और लूट हुए सोने-चांदी के जेवरात बरामद कर लिए हैं. आरोपी को विधिवत गिरफ्तार कर न्यायालय में पेश किया गया, जहां से उसे न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया गया है.
—————
सड़क किनारे बेटे और घर में मां की संदिग्ध परिस्थितियों में मिली लाश
सूरजपुर। छत्तीसगढ़ के सूरजपुर जिले से एक दिल दहला देने वाला मामला सामने आया है. जयनगर थाना क्षेत्र अंतर्गत मां और बेटे की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत के बाद पूरे इलाके में हड़कंप मच गया है. पहले बेटे का शव सड़क किनारे मिला और फिर देर शाम घर के बंद कमरे में शिक्षिका मां का शव मिलने से कई गंभीर सवाल खड़े हो गए हैं. दोनों शुक्रवार से ही लापता बताए जा रहे थे.
सड़क से 25 मीटर दूर मिला था बेटे का शव
मामले शनिवार का है, महावीरपुर कालीघाट रोड के पास मुख्य मार्ग से करीब 25 मीटर की दूरी पर एक छात्र का शव संदिग्ध हालत में बरामद किया गया. राहगीरों की सूचना पर पहुंची पुलिस ने शव की शिनाख्त शुरू की. मृतक की पहचान केशवनगर निवासी सजल बरेठ (18 साल) के रूप में हुई. पुलिस ने युवक की स्कूटी केशवनगर में नायरा पेट्रोल पंप के पास बरामद की है. क्षेत्र में युवक की मौत की खबर से मातम पसरा ही था कि शाम होते-होते इस घटनाक्रम में एक और रूह कंपा देने वाला मोड़ आ गया.

कमरे में मिली मां की लाश
केशवनगर में छत्तीसगढ़ ढाबा के पीछे ममता कॉलोनी में किराए के मकान में रहते थे. शनिवार देर शाम जब घर की पड़ताल की गई, तो वहां एक बंद कमरे के भीतर उसकी मां रजनी बरेठ का शव मिला. मृतिका बेलटिकरी विद्यालय में शिक्षिका के रूप में कार्यरत थीं. वहीं महिला का अपने पति से तलाक हो चुका था. शुक्रवार से लापता मां-बेटे के शव अलग-अलग स्थानों पर मिलने की खबर फैलते ही पूरे इलाके में हड़कंप मच गया.
फॉरेंसिक टीम मौके पर, जनप्रतिनिधि भी पहुंचे
घटना की गंभीरता को देखते हुए जयनगर थाना पुलिस और फॉरेंसिक एक्सपर्ट्स की टीम तत्काल मौके पर पहुंची. फॉरेंसिक टीम ने घटना स्थल और बंद कमरे से फिंगरप्रिंट्स के साथ अन्य भौतिक साक्ष्य जुटाए हैं. युवक से शरीर पर चोट के निशान मिले हैं.
मामले की सूचना मिलते ही प्रेमनगर विधायक भूलन सिंह मरावी तथा महिला और मंत्री लक्ष्मी राजवाड़े के प्रतिनिधि ठाकुर राजवाड़े भी घटनास्थल पर पहुंचे. जनप्रतिनिधियों ने शोकाकुल परिजनों से मुलाकात कर निष्पक्ष व त्वरित जांच का आश्वासन दिया. फिलहाल पुलिस ने दोनों शवों को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है और सभी संभावित एंगल से मामले की गहन तफ्तीश शुरू कर दी है.
———————
रायपुर में दुर्गा पूजा पंडाल में लगी आग, फायर ब्रिगेड ने पाया काबू

रायपुर। राजधानी के नवीन मार्केट में दुर्गोत्सव से ठीक पहले दुर्गा पूजा पंडाल में आग लग गई। फेस रिवील कार्यक्रम के दौरान आतिशबाजी की चिंगारी पंडाल तक पहुंची, जिससे आग भड़क गई। देखते ही देखते थीम आधारित पंडाल जलकर खाक हो गया। सूचना मिलने पर फायर ब्रिगेड की टीम मौके पर पहुंची और आग पर काबू पाया।
घटना में किसी तरह की जनहानि नहीं हुई। जानकारी के मुताबिक, नवीन मार्केट दुर्गा पूजा समिति की ओर से मां दुर्गा की प्रतिमा को धूमधाम से पंडाल तक लाया जा रहा था। पंडाल के ठीक बगल में फेस रिवील कार्यक्रम के लिए स्टेज बनाया गया था। रात करीब 9:15 बजे कार्यक्रम के दौरान आतिशबाजी की चिंगारी पंडाल तक पहुंच गई।
इससे आग लग गई और कुछ ही देर में पूरे पंडाल में फैल गई। आग लगते ही मौके पर अफरा-तफरी मच गई। सूचना मिलने पर फायर ब्रिगेड की टीम एक गाड़ी के साथ पहुंची और आग बुझाई। समय रहते आग पर काबू पा लेने से कोई हताहत नहीं हुआ।
——–




