नई दिल्ली। राष्ट्रीय राजधानी को वायु प्रदूषण से थोड़ी राहत जरूर मिली है, लेकिन हालात अभी भी चिंताजनक बने हुए हैं। केंद्रीय प्रदूषण नियंत्रण बोर्ड (सीपीसीबी) के अनुसार, राजधानी का औसत वायु गुणवत्ता सूचकांक (AQI) 292 दर्ज किया गया, जो ‘खराब’ श्रेणी में आता है। हालांकि, कई इलाकों में एक्यूआई अब भी 300 के पार बना हुआ है।
सीपीसीबी के सुबह आठ बजे के आंकड़ों के मुताबिक, अलीपुर में एक्यूआई 320, आनंद विहार में 377, अशोक विहार में 333, बवाना में 363, बुराड़ी में 315 और चांदनी चौक में 339 दर्ज किया गया। जहांगीरपुरी (372), सोनिया विहार (353), विवेक विहार (361), वजीरपुर (343), रोहिणी (337) और नरेला (345) जैसे इलाकों में भी हवा बेहद खराब श्रेणी में बनी हुई है।
कुछ क्षेत्रों में स्थिति तुलनात्मक रूप से बेहतर रही। आया नगर में एक्यूआई 212, आईजीआई एयरपोर्ट टी3 पर 238, लोधी रोड पर 160 और नजफगढ़ में 188 दर्ज किया गया।
विशेषज्ञों के अनुसार, 0 से 50 के बीच एक्यूआई को अच्छा, 51 से 100 को संतोषजनक, 101 से 200 को मध्यम, 201 से 300 को खराब, 301 से 400 को बेहद खराब और 401 से 500 को गंभीर श्रेणी में रखा जाता है। गंभीर स्थिति में वायु प्रदूषण स्वास्थ्य के लिए अत्यंत हानिकारक होता है, खासकर बुजुर्गों, बच्चों और पहले से बीमार लोगों के लिए।
