रायगढ़। जिले में एक छात्रा की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत का मामला सामने आया है। जिंदल यूनिवर्सिटी में बी-टेक सेकेंड ईयर की पढ़ाई कर रही 20 वर्षीय छात्रा प्रिंसी कुमारी का शव 20 दिसंबर की रात हॉस्टल के कमरे में मिला। घटना पूंजीपथरा थाना क्षेत्र की है।
जानकारी के अनुसार प्रिंसी मूल रूप से जमशेदपुर (टाटा) की रहने वाली थी और यूनिवर्सिटी के हॉस्टल में रहकर पढ़ाई कर रही थी। शनिवार रात करीब साढ़े आठ बजे परिजनों ने उससे मोबाइल पर संपर्क करने की कोशिश की, लेकिन कई बार कॉल करने के बावजूद बात नहीं हो सकी। इससे चिंतित परिजनों ने हॉस्टल की वार्डन को सूचना दी।
वार्डन जब छात्रा के कमरे पर पहुंचीं तो दरवाजा अंदर से बंद था। काफी प्रयास के बाद भी दरवाजा नहीं खुला, जिस पर खिड़की से देखने पर छात्रा कमरे में मृत अवस्था में पाई गई। इसके बाद तत्काल पुलिस को सूचना दी गई।
पुलिस मौके पर पहुंचकर कमरे की जांच की। छात्रा के कमरे से एक सुसाइड नोट बरामद हुआ है, जिसमें उसने पढ़ाई और परिवार पर पड़ रहे आर्थिक बोझ को लेकर माफी मांगी है। पुलिस ने शव का पंचनामा कर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है और मामले की जांच जारी है।
