मुंबई। भारतीय शेयर बाजार गुरुवार के कारोबारी सत्र में उतार-चढ़ाव के बीच लगभग सपाट बंद हुआ। दिन के अंत में बीएसई सेंसेक्स 77.84 अंक या 0.09 प्रतिशत की मामूली गिरावट के साथ 84,481.81 अंक पर बंद हुआ, जबकि एनएसई निफ्टी 3 अंक की हल्की कमजोरी के साथ 25,815.55 के स्तर पर स्थिर रहा।
दिनभर के कारोबार में आईटी शेयरों ने बाजार को संभालने का काम किया। निफ्टी आईटी इंडेक्स 1.21 प्रतिशत की मजबूती के साथ सबसे बड़ा गेनर रहा। इसके अलावा मेटल, रियल्टी, पीएसयू बैंक, फाइनेंशियल सर्विसेज और कंज्यूमर ड्यूरेबल्स सेक्टर भी हरे निशान में बंद हुए। वहीं ऑटो, फार्मा, एफएमसीजी, मीडिया, एनर्जी, प्राइवेट बैंक, इंफ्रा और कमोडिटी सेक्टर में बिकवाली का दबाव देखने को मिला।
मिडकैप और स्मॉलकैप शेयरों में लार्जकैप की तुलना में बेहतर प्रदर्शन रहा। निफ्टी मिडकैप 100 इंडेक्स 0.34 प्रतिशत की बढ़त के साथ 59,592.15 पर और निफ्टी स्मॉलकैप 100 इंडेक्स 0.13 प्रतिशत की तेजी के साथ 17,160.20 पर बंद हुआ।
सेंसेक्स के टॉप गेनर्स में टीसीएस, टेक महिंद्रा, इन्फोसिस, एचसीएल टेक और आईसीआईसीआई बैंक शामिल रहे, जबकि सन फार्मा, टाटा स्टील, एलएंडटी, एचयूएल और मारुति सुजुकी टॉप लूजर्स रहे।
बाजार विशेषज्ञों के अनुसार, वैश्विक संकेतों और अमेरिका-भारत ट्रेड समझौते को लेकर अनिश्चितता के चलते निवेशकों में सतर्कता बनी हुई है। आने वाले दिनों में प्रमुख केंद्रीय बैंकों के ब्याज दर फैसलों पर बाजार की नजर रहेगी।
