
लाभांडी इलाके में खून से सनी मिली लाश: इलाके में फैली सनसनी

रायपुर। राजधानी के लाभांडी इलाके में मंगलवार सुबह उस वक्त सनसनी फैल गई, जब एक अधेड़ की लाश संदिग्ध हालत में मिली। सूचना मिलते ही मौके पर पहुंची पुलिस जांच में जुट गई है।
यह पूरा मामला तेलीबांधा थाना क्षेत्र का है। लाभांडी इलाके में आज सुबह एक युवक की लाश संदिग्ध हालत में मिली, जिसकी पहचान हिमेश यादव (40) के रूप में हुई है। बताया जा रहा है कि युवक के सिर से खून निकल रहा है। ऐसे में लोगों ने हत्या की आशंका जताई है।
मामले की जांच में जुटी टीम
इधर घटना की सूचना मिलते ही पुलिस, पुलिस FSL और डॉग स्क्वाड की टीम मौके पर पहुंची। साथ ही शव को अपने कब्जे में लेकर मामले की जांच शुरु कर दी है। फिलहाल अभी मौत के कारणों का खुलासा नहीं हुआ है।
रायपुर DCP सेंट्रल जोन तारकेश्वर पटले ने इसकी पुष्टी करते हुए कहा कि लाश मिली है, जिसकी जांच की जा रहा है। पुलिस FSL और डॉग स्कॉट टिम मौके पर पहुंची है। हर बिंदुओं पर जांच की जा रही है। मौत के कारणों का पता लगाया जा रहा है।
00000000000000000000
कपड़े की दुकान में भीषण आग, लाखों का सामान जलकर खाक

खैरागढ़. जिले के घोटिया गांव में झरना फैशन कपड़ा एवं फैंसी दुकान में भीषण आग लगने से अफरा-तफरी मच गई. आग इतनी भयावह थी कि दुकान में रखा कपड़ा और फैंसी सामान जलकर खाक हो गया. इस घटना से दुकान संचालक झरना भोंडेकर और उनके पति जयकिशन भोंडेकर को बड़ा आर्थिक झटका लगा है. शुरुआती अनुमान के मुताबिक, आगजनी में 7 लाख रुपये से अधिक का नुकसान हुआ है.
आग में खाक हुआ दुकान का सामान, लेकिन गांव वालों ने संभाला मोर्चा जिसके चलते किसी के हताहत नहीं हुआ. दुकान में आग लगने की खबर फैलते ही गांव में हड़कंप मच गया. स्थानीय लोग मौके पर पहुंचे और आग बुझाने की कोशिश में जुट गए. डायल 112 की टीम की मदद से आग पर काबू पाया गया, लेकिन तब तक दुकान में रखा काफी सामान जल चुका था. मेहनत से खड़ा किया गया कारोबार आग की इस घटना से बुरी तरह प्रभावित हुआ है.
शॉर्ट सर्किट या कोई दूसरी वजह? जांच में जुटी पुलिस
आग आखिर कैसे लगी, यह अब भी बड़ा सवाल है. क्या दुकान में शॉर्ट सर्किट के कारण आग भड़की या इसके पीछे कोई दूसरी वजह है? फिलहाल इसकी पुष्टि नहीं हुई है. दुकान संचालक की शिकायत के बाद खैरागढ़ पुलिस मामले की जांच कर रही है. आग लगने के वास्तविक कारण और नुकसान की स्थिति जांच के बाद ही स्पष्ट हो सकेगी.
00000000000000000000000
NH-130 पर चलती ट्रक बनी आग का गोला, चालक-परिचालक ने कूदकर बचाई जान

बलौदा बाजार. बलौदा बाजार भाटापारा जिले में नेशनल हाइवे 130 पर चलती ट्रक में आग लग गई. ट्रक के चालक और परिचालक ने कूदकर अपनी जान बचाई. फायर ब्रिगेड की टीम ने मौके पर पहुंचकर आग पर काबू पाया. घटना सिगमा थाना क्षेत्र के दामाखेड़ा के पास ओवरब्रिज की है.
जानकारी के मुताबिक, मंगलवार तड़के (करीब 4:30 बजे) रायपुर-बिलासपुर नेशनल हाइवे 130 पर दामाखेड़ा गांव के पास अचानक चलती ट्रक में आग लग गई. जान बचाने के लिए चालक और परिचालक ने सूझबूझ दिखाते हुए वाहन से छलांग लगा दी. देखते ही देखते ट्रक में आग बढ़ती चली गई.
घटना की जानकारी पर सिमगा पुलिस और दमकल की टीम मौके पर पहुंची. ट्रक में लगी आग को बुझा लिया गया. फिलहाल क्षतिग्रस्त वाहन को मार्ग से हटाने का प्रयास किया जा रहा है. फिलहाल आग लगने का कारण स्पष्ट नहीं है. हालांकि ट्रक में शॉर्ट सर्किट से आग लगने की आशंका जताई जा रही है. पुलिस हादसे के कारणों की तलाश में जुट गई है.
बता दें कि एक दिन पहले ही इस मार्ग पर सुबह 5:30 बजे यात्री बस खड़े ट्रक से टकराईं थी. हादसे में ड्राइवर-हेल्पर समेत 5 लोगों की मौत हो गई, जबकि 14 यात्री घायल हुए थे. सोमवार की घटना से सबक लेते हुए क्षतिग्रस्त ट्रक को आज पुलिस ने किनारे कर दिया, ताकि कोई फिर बड़ा हादसा न हो.
0000000000000000000
चौकीदार को बंधक बनाकर की थी डकैती, तीन आरोपी गिरफ्तार

रायपुर। राजधानी रायपुर के बंद पड़े फैक्ट्री में चौकीदार को बंधक बनाकर डकैती के मामले में पुलिस को एक बड़ी सफलता हाथ लगी है। इस मामले में तीन आरोपियों को गिरफ्तार किया गया है, जिनके कब्जे से 17 लाख रूपये के डकैती का सामान जब्त किया गया है। वहीं अन्य फरार आरोपियों की तलाश जारी है।
दरअसल, यह पूरा मामला कबीर नगर थाना क्षेत्र का है। 22 अक्टूबर की रात डेढ़ बजे 7 से 8 आरोपियों ने हीरापुर इलाके के बंद पड़े अमरनाथ इस्पात फैक्ट्री को निशाना बनाया था। फैक्ट्री के चौकीदार दिलीप कुमार वर्मा ने जब उन्हें दौड़ाया तो उल्टा आरोपियों ने उसे ही बंधक बना लिया।
दोनों हाथों को रस्सी से बांधने के बाद ऑफिस में घुसकर एल्युमिनियम वायर बंडल, एल्युमिनियम एवं कॉपर के सामान, एल्युमिनियम प्लेट, हैलोजन लाइट, दराज में रखें नगद, आलमारी का लॉक तोड़कर उसमें रखा पैनल कार्ड और फैक्ट्री में रखे कॉपर क्वाइल को लेकर फरार हो गए।
चौकीदार की रिपोर्ट पर अज्ञात आरोपियों के खिलाफ थाना कबीर नगर में अपराध क्रमांक 217/26 धारा 127(2), 310(2) बीएनएस का अपराध दर्ज कर जांच में लिया गया। वरिष्ठ अधिकारियों के निर्देश में एण्टी क्राईम एण्ड साईबर यूनिट और थाना कबीर नगर पुलिस की संयुक्त टीम ने घटना की जांच शुरु की।
तीन आरोपी चढ़े पुलिस के हत्थे
घटनास्थल और उसके आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों के फुटेज खंगाले गए। इसी दौरान पुलिस को घटना में शामिल सरोना, डी.डी.नगर निवासी संदीप नेताम के बारे में जानकारी मिली। टीम ने कार्रवाई करते हुए संदीप को पकड़ लिया और पूछताछ में उसने बताया कि अपने अन्य साथियों के साथ मिलकर घटना को अंजाम दिया था। इसके बाद पुलिस ने अन्य आरोपी अजीत भारती और उमेंद्र ठाकुर उर्फ उमेन को भी पकड़ लिया।
एक सप्ताह रेकी के बाद पहुंचे डकैती करने
पूछताछ में आरोपियों ने बताया कि उन्होंने अपने साथियों के साथ मिलकर अमरनाथ इस्पात बंद फैक्ट्री में डकैती की योजना बनाई थी। घटना को अंजाम देने से पहले एक सप्ताह फैक्ट्री की रेकी कर वहां की गतिविधियों और सुरक्षा व्यवस्था पर लगातार निगरानी रखी थी। प्लानिंग के तहत घटना वाली रात सभी आरोपी टाटा एस वाहन और स्कुटी से फैक्ट्री पहुंचे, जिसके बाद चौकीदार को बंधक बनाकर कार्यालय और फैक्ट्री में रखे कीमती सामान को लूटकर फरार हो गए थे।
आरोपियों के कब्जे से डकैती के सामान जब्त
तीनों आरोपियों को गिरफ्तार कर उनके कब्जे से एल्युमिनियम वायर, एल्युमिनियम एवं कॉपर के सामान, एल्युमिनियम प्लेट, हैलोजन लाइट, पैनल कार्ड, कॉपर क्वाइल और घटना में स्तेमाल कटर मशीन, ड्रिल मशीन, चारपहिया टाटा एस और दोपहिया स्कुटी जब्त किया गया।
000000000000000000000
बहू और प्रेमी को उम्रकैद की सजा: अवैध संबंध में रोड़ा बनने पर की थी ससुर की हत्या, ADJ कोर्ट ने सुनाया फैसला

बालोद। छत्तीसगढ़ के बालोद जिले में ससुर की हत्या के मामले में एडीजे कोर्ट ने बड़ा फैसला सुनाया है। इस मामले में बहू और उसके प्रेमी को आजीवन कारावास की सजा सुनाई है। दोनों पर बिजली का करंट लगाकर हत्या करने और वारदात को छिपाने की कोशिश करने का आरोप है।
जानिए पूरा मामला
मामला डौंडीलोहारा थाना क्षेत्र के खड़ेनाडी गांव का है। मृतक की पहचान मनोहर निर्मलकर के रूप में हुई है। जानकारी के अनुसार, 16 जुलाई 2025 को मनोहर की संदिग्ध मौत के बाद शव को अंतिम संस्कार के लिए श्मशान घाट ले जाया गया था। चेहरे और माथे पर चोट के निशान देखकर ग्रामीणों ने किसी घटना की आशंका जताई और इसकी जानकारी पुलिस को दे दी।
पोस्टमार्टम रिपोर्ट में निकला हत्या
सूचना मिलते ही डौंडीलोहारा पुलिस मौके पर पहुंची और शव को अपने कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम कराया। पोस्टमार्टम रिपोर्ट और जांच में मामला सामान्य मौत का नहीं, बल्कि हत्या का सामने आया। इसके बाद पुलिस ने मामले की जांच तेज की और हत्या के आरोप में मृतक की बहू गीता बाई निर्मलकर (30 वर्ष), पति गौकरण निर्मलकर, निवासी ग्राम खड़ेनाडीही और उसके प्रेमी हारमोनियम शिक्षक लेखराम निषाद (25 वर्ष) निवासी ग्राम बड़गांव को गिरफ्तार किया।
अवैध संबंध में रोड़ा बनने पर उतारा मौत के घाट
बताया जा रहा है कि लेखराम गीता को हारमोनियम सिखाने उसके घर आता था। इन दोनों के अवैध संबंध की जानकारी मनोहर को लग गई थी, जिसका उसने विरोध भी किया था। इसके बाद लेखराम और और गीता ने उसे रास्ते से हटाने के लिए हत्या की साजिश रची। प्लानिंग के तहत 16 जुलाई 2025 की रात जब मनोहर सो रहा था, तो उन्होंने उसके बिस्तर पर करंट लगाकर मार डाला।
हत्या के बाद लोगों को किया गुमराह
जांच में सामने आया कि बहू ने अपने प्रेमी के साथ मिलकर ससुर की बिजली का करंट लगाकर हत्या कर दी थी। हत्या की घटना को छिपाने के लिए आरोपियों ने मृतक के चेहरे पर लगी चोट को साइकिल से गिरने का नतीजा बताया और चोट पर हल्दी, गुलाल, तेल लगा दिया। इसके बाद शव का अंतिम संस्कार करने की तैयारी की गई, लेकिन ग्रामीणों के संदेह ने पूरे मामले का पर्दाफाश कर दिया।
कोर्ट ने सुनाई आजीवन कारावास की सजा
दोनों को गिरफ्तार कर न्यायालय में पेश किया, जिसके बाद ज्यूडिशियल रिमांड में भेज दिया था। अब इस मामले में एडीजे कोर्ट ने दोनों आरोपियों को दोषी ठहराते हुए आजीवन कारावास की सजा सुनाई है। अदालत के इस फैसले के बाद यह मामला जिले में चर्चा का विषय बना हुआ है।




