छत्तीसगढ़
Trending

देश-प्रदेश की पांच बड़ी खबरें

नेशनल हाइवे पर भीषण हादसा, खड़ी ट्रक में घुसी बस, 3 यात्रियों की मौत, 10 घायल

बलौदा बाजार. छत्तीसगढ़ के रायपुर-बिलासपुर नेशनल हाइवे 130 पर सोमवार सुबह-सुबह भीषण सड़क हादसा हो गया. बलौदाबाजार जिले के दरचुरा के पास तेज रफ्तार बस खड़ी ट्रक में जा घुसी. घटना के दौरान लोगों को संभलने तक का मौका नहीं मिला. 3 यात्रियों की मौत हो गई है, जबकि 10 लाग घायल बताए जा रहे हैं. इन आंकड़ों में वृद्धि हो सकती है. दुर्घटना सिमगा थाना क्षेत्र की है.

अंबिकापुर से आ रही थी रायपुर
जानकारी के मुताबिक, रॉयल ट्रेवल्स की बस (CG 04 NM 0859) सोमवार सुबह अंबिकापुर से यात्रियों को लेकर रायपुर के लिए निकली थी. सफर में अधिकतर यात्री नींद में थे. घटना के दौरान बस में करीब 22 यात्री सवार थे सड़क पर तेज रफ्तार में दौड़ रही बस सुबह करीब 5:30 बजे दरचुरा के पास खड़ी ट्रक में जा घुसी. यात्रियों को संभलने का मौका भी नहीं मिल पाया. 3 लोगों की मौके पर ही मौत गई. वहीं 8 से 10 लोग गंभीर घायल हो गए हैं. बस के आगे का हिस्सा बुरी तरह से क्षतिग्रस्त हो चुका है.

घटना की सूचना पर डायल 112 और सिमगा पुलिस टीम मौके पर पहुंची. बस के अंदर कई लोग गंभीर हालत में थे. उनका सामान बिखर गया था. सभी को बस से बाहर निकाला गया. घायलों को इलाज के लिए तत्काल सिमगा सीएचसी भेजा गया है, जहां उनका इलाज जारी है. वहीं मृतकों के शव को पंचनामा के बाद पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है.

घटना के बाद लोगों मृतकों की शिनाख्त नहीं हो पाई है. फिलहाल पुलिस दोनों वाहनों को मार्ग से हटाकर किनारे कर रही है, ताकि यातायात अवरुद्ध न हो. पुलिस हादसे के कारणों की तलाश में जुटी है. क्या ड्राइवर की आंख लगने के कारण हादसा हुआ, खड़ी ट्रक में रिफ्लेक्टर लगा हुआ था. सभी पहलुओं पर घटना की जांच जारी है.

————————

लकड़ी तस्करी पर कार्रवाई : छत्तीसगढ़ पुलिस ने कई राज्यों में दी दबिश, मुख्य आरोपी हरिद्वार से गिरफ्तार

महासमुंद। छत्तीसगढ़ की महासमुंद पुलिस ने खैर लकड़ी तस्करी से जुड़े अंतरराज्यीय गिरोह के खिलाफ बड़ी कार्रवाई की है। पुलिस ने ओडिशा, हिमाचल प्रदेश, हरियाणा और मध्यप्रदेश समेत कई राज्यों में गिरोह के ठिकानों पर दबिश दी। इस दौरान तस्करी से अर्जित 95 लाख रुपये की अतिरिक्त नगदी जब्त की गई है। अब तक इस मामले में कुल 3 करोड़ 61 लाख 52 हजार 880 रुपये नगद बरामद किए जा चुके हैं।
पुलिस ने ओडिशा के बरगढ़ में आरोपी संजय छापरिया के घर से 45 लाख रुपये और उसके सहयोगी टैक्स कंसल्टेंट के घर से 15 लाख रुपये नगद जब्त किए हैं। वहीं हिमाचल प्रदेश में एक अन्य ठिकाने से 35 लाख रुपये नगद बरामद किए गए हैं। इससे पहले भी पुलिस ने हिमाचल प्रदेश से 1 करोड़ 70 लाख रुपये जब्त किए थे।
जानलेवा हमले के मामले में फरार मुख्य आरोपी संजय छापरिया को पुलिस ने हरिद्वार से गिरफ्तार किया है। आरोपी की गिरफ्तारी के साथ ही पुलिस ने गिरोह के अन्य ठिकानों पर भी कार्रवाई तेज कर दी है।
पुलिस की कार्रवाई में अब तक गिरोह के ठिकानों से 70 टन अवैध खैर लकड़ी और 9 वाहन जब्त किए गए हैं। जब्त वाहनों की अनुमानित कीमत करीब 1 करोड़ रुपये बताई जा रही है।
जांच में फर्जी एनओसी और बिलिंग के जरिए खैर लकड़ी के अवैध परिवहन का मामला सामने आया है। पुलिस इस मामले में भारतीय न्याय संहिता (BNS), आर्म्स एक्ट और वन अधिनियम के तहत कार्रवाई कर रही है।

—————–

स्टार्ट करते ही बाइक में लगी आग, जलकर हो गई खाक

कोरबा। छत्तीसगढ़ के कोरबा में उस वक्त हड़कंप मच गया, जब गैरज में रिपेरिंग के दौरान बाइक में आग लग गई। आनन फानन में मैकेनिक ने बाइक को गैरेज से दूर किया, वरना एक बड़ा हादसा हो सकता था। इस घटना का वीडियो भी सामने आया है।

किक मारते ही उठी चिंगारी, फिर भड़क गई आग
यह पूरा मामला मानिकपुर चौकी इलाके के मुड़ापार पेट्रोल पंप मोड़ के पास का है। बताया जा रहा है कि स्टार्ट नहीं होने की शिकायत पर मालिक बाइक को लेकर गैरेज पहुंचा था। रिपेयरिंग के दौरान जब मैकेनिक ने किक मारी तो बाइक में चिंगारी उठने के बाद आग लग गई, जिससे अफरा-तफरी मच गई। दुकान और आसपास की बाइक आग की चपेट में न आ जाये इसलिए बाइक को किसी तरह वहां से हटाकर सड़क पर लाया गया।

इसकी सूचना तत्काल दमकल वाहन और मानिकपुर चौकी पुलिस को दी गई, लेकिन जब तक दमकल विभाग की टीम पहुंच पाती तब तक बाइक जलकर खाक हो चुकी थी। बताया जा रहा है कि बाइक में पेट्रोल लीकेज था, जहां किक मारते ही शॉर्ट सर्किट हुआ और चिंगारी से आग लग गई।

स्थानीय जनप्रतिनिधि पूर्व पार्षद शैलेन्द्र सिह उर्फ पप्पी ने बताया कि बाइक में पूरी आग लग चुकी थी। आग पर काबू पाने दमकल वाहन को बुलाया गया और आग पर काबू पाने का प्रयास किया गया, लेकिन बाइक जल चुका था।

———————-

चेकिंग के दौरान पिकअप से 4 करोड़ रुपए बरामद

दुर्ग। दुर्ग जिले के खुर्सीपार थाना क्षेत्र में वाहन चेकिंग के दौरान पुलिस टीम ने 4 करोड़ रुपये की भारी-भरकम रकम बरामद की है। रकम पिकअप के पीछे हिस्से को मोडिफाई कर बनाए गए स्पेशल चेंबर में रखी गई थी।
जानकारी के अनुसार, एक बोलेरो मैक्स पिकअप रायपुर से नागपुर की ओर जा रहा था। 25 अक्टूबर को रात 11 बजे डबरापारा, खुर्सीपार थाना के पास चेकिंग के दौरान गाड़ी को रोका गया। गाड़ी में सवार दो व्यक्तियों ने अपना नाम भवेशभाई जीनाभाई डाभी (चालक) विष्णुदेव दुबे बताया।

पुलिस की सघन तलाशी लेने पर वाहन के मॉडिफाई किए गए पिछले हिस्से में एक सीक्रेट चेंबर बना मिला। चेंबर को खोलने पर उसमें छिपाकर रखी गई भारी मात्रा में भारतीय मुद्रा बरामद की गई, जिसकी गिनती करने पर चार करोड़ रुपये हुए।

दोनों व्यक्तियों से रकम के स्रोत, स्वामित्व तथा परिवहन के उद्देश्य में पूछताछ की जा रही है। प्रकरण में बरामद रकम के वित्तीय स्रोत और अन्य संबंधित तथ्यों की गहन जांच के लिए आयकर विभाग को पुलिस विभाग द्वारा सूचना भेजी गई है।

——————–

रायपुर में दर्दनाक हादसा, मां-बेटी को तेज रफ्तार ट्रक ने रौंदा, दोनों की मौत

रायपुर। राजधानी के वीआइपी चौक पर रविवार दोपहर तेज रफ्तार ट्रक ने स्कूटी सवार मां-बेटी को अपनी चपेट में ले लिया। हादसे में मां की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि गंभीर रूप से घायल नौ साल की बेटी ने अस्पताल में इलाज के दौरान दम तोड़ दिया।
हादसे में टेमरी गांव निवासी गंगा साहू (35) और उनकी बेटी रितिका साहू (9) की जान चली गई। सूचना मिलने पर तेलीबांधा थाना पुलिस मौके पर पहुंची और मामले की जांच शुरू की। पुलिस ने ट्रक चालक को गिरफ्तार कर लिया है।
ट्रक की टक्कर से गई जान
जानकारी के अनुसार, गंगा साहू अपनी बेटी रितिका के साथ स्कूटी से रायपुर शहर की ओर आ रही थीं। इसी दौरान वीआइपी चौक पर ट्रक से टक्कर के बाद मां-बेटी सड़क पर गिर गईं और ट्रक की चपेट में आ गईं। हादसा इतना गंभीर था कि गंगा साहू ने मौके पर ही दम तोड़ दिया। वहीं, रितिका गंभीर रूप से घायल हो गई। उसे तत्काल उपचार के लिए आंबेडकर अस्पताल ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया।
हादसे के बाद मौके पर पहुंची पुलिस
घटना की सूचना मिलते ही तेलीबांधा थाना पुलिस मौके पर पहुंची। पुलिस ने घटनास्थल का जायजा लिया और हादसे से संबंधित जानकारी जुटाई। ट्रक चालक को गिरफ्तार कर लिया गया है। पुलिस दुर्घटना के कारणों की जांच कर रही है। हादसे के बाद चौक पर कुछ देर के लिए अफरा-तफरी का माहौल रहा।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button