
सुकमा वनमंडल में 06 वन अपराध मामलाें में आठ लाख के सागौन जब्त

सुकमा। जिले के वन संपदा की अवैध कटाई, संग्रहण और परिवहन के खिलाफ वन विभाग ने सुकमा वनमंडल में अक्टूबर महीने में अब तक 06 वन अपराध प्रकरण दर्ज किए गए हैं। कार्रवाई के दौरान लगभग 08 लाख रुपये कीमत की सागौन लकड़ी, फर्नीचर और अन्य लकड़ी सामग्री जब्त की गई है। अवैध परिवहन में इस्तेमाल किए जा रहे 02 ट्रैक्टर और 02 ऑटो रिक्शा भी जब्त किए गए हैं। खास बात यह है कि 21 अक्टूबर की रात में एक ट्रैक्टर में रेत के नीचे लकड़ी छिपाकर ले जाने का मामला सामने आया। वन विभाग ने संबंधित मामलों में वैधानिक कार्रवाई शुरू कर दी है।
उपवनमंडलाधिकारी परख सारड़ा ने गुरुवार काे बताया कि उड़नदस्ता दल, सुकमा वन परिक्षेत्र कार्यालय और गोलापल्ली वन परिक्षेत्र के कर्मचारियों ने गुप्त सूचना के आधार पर अलग-अलग स्थानों पर कार्रवाई की। अब तक करीब 4.724 घनमीटर सागौन चिरान, सागौन से बने फर्नीचर और अन्य लकड़ी सामग्री जब्त की गई है। कार्रवाई के दौरान टूरकापारा (नीलावरम) निवासी मंगल राम मरकाम और कवासी हड़मा के खिलाफ वन अपराध प्रकरण दर्ज किया गया। इनके मामले में ऑटो रिक्शा सहित 10 नग सागौन चिरान जब्त किए गए। वहीं, चिचोरगुड़ा (नीलावरम) सागौन चिरान जब्त किए गए। वहीं, चिचोरगुड़ा (नीलावरम) निवासी दूधी छोटू/गंगा के मामले में 54 नग सागौन चिरान जब्त किए गए। सुकमा के पटनमपारा निवासी खरीम के यहां से 0.668 घनमीटर सागौन से बनी फर्नीचर सामग्री जब्त की गई। वहीं, मस्तानपारा निवासी आकाश नाग के मामले में 60 नग सागौन चिरान जब्त किए गए।
उन्हाेंने बताया कि इसके अलावा, तेलंगाना के तीन व्यक्तियों के खिलाफ कार्रवाई करते हुए एक ट्रैक्टर और करीब 1.6 घनमीटर लकड़ी जब्त की गई। विभाग के अनुसार, अवैध परिवहन में इस्तेमाल किए जा रहे वाहनों को भी जब्त किया गया है। 21 अक्टूबर की रात में रेत के नीचे लकड़ी छिपाकर ले जाने का मामला सामने आने के बाद अवैध परिवहन के तरीकों पर भी विभाग की नजर है। वन विभाग ने संबंधित मामलों में वन अपराध प्रकरण दर्ज कर वैधानिक कार्रवाई शुरू की है। विभाग के अनुसार कुछ आरोपियों के फर्नीचर लाइसेंस निरस्त करने की प्रक्रिया भी चल रही है। वन विभाग ने स्पष्ट किया है कि वन संपदा की अवैध कटाई, संग्रहण और परिवहन में संलिप्त लोगों के खिलाफ नियमानुसार कठोर कार्रवाई की जाएगी। साथ ही आम नागरिकों से ऐसी गतिविधियों की जानकारी मिलने पर निकटतम वन कार्यालय को सूचना देने की अपील की गई है।
————-
छत्तीसगढ़ में भयानक हादसा : NH 53 पर ट्रक में जा घुसी कार, 2 महिलाओं की मौत, 3 घायल

महासमुंद. छत्तीसगढ़ के महासमुंद जिले में नेशनल हाइवे 53 पर शुक्रवार सुबह दर्दनाक सड़क हादसा हो गया. ओडिशा के संबलपुर से आ रही कार दुर्घटना का शिकार हो गई. 16 चक्का ट्रक में कार पीछे से जा घुसी. हादसा इतना भयानक था कि दो लोगों की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि तीन गंभीर रूप से घायल हुए हैं. घटना पटेवा थाना क्षेत्र में बावनकेरा की है. नक्शे देखें
शादी में शामिल होने गए थे संबलपुर
घटना में कार के परखच्चे उड़ गए. मृतकों की फिलहाल पहचान नहीं हो पाई है. प्रारंभिक तौर पर सभी राजनांदगांव जिले के रहने वाले बताए जा रहे हैं. कार में घटना के वक्त 5 लोग सवार थे. वह ओडिशा के संबलपुर में शादी में शामिल होने के लिए गए थे. पुलिस घटना के संबंध में जांच कर रही है.
जानकारी के मुताबिक, शुक्रवार सुबह राष्ट्रीय राजमार्ग 53 पर बावनकेरा चौक पर तेज रफ्तार कार 16 चक्का ट्रक से जा टकराई. ट्रक के पीछे के हिस्से टकराने के बाद कार बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गई. घटना के वक्त कार में 5 लोग सवार थे. राहगीरों की सूचना पर पुलिस टीम मौके पर पहुंची.
2 महिलाओं की मौत, 3 घायल
पुलिस ने वाहन में मौजूद लोगों को बाहर निकाला. सभी को इलाज के लिए सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र तुमगांव लाया गया. डॉक्टरों ने दो महिलाओं की मृत घोषित कर दिया. वहीं घायलों को प्राथमिक उपचार के बाद रेफर कर दिया गया है.
पुलिस ने वाहनों को मार्ग से हटाया, ताकि यातायात प्रभावित न हो. मृतकों के शवों को पंचनामा के बाद पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है. वहीं हादसे के कारणों की जांच और मृतकों की पहचान करने के लिए पुलिस जुटी हुई है.
——————————
राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू का आज बस्तर दौरा : मुरिया दरबार में होंगी शामिल

रायपुर. राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू दो दिवसीय दौरे पर छत्तीसगढ़ पहुंची हुई है. गुरुवार को रायपुर में आयोजित कार्यक्रम में शामिल होने के बाद आज (23 अक्टूबर) वह बस्तर दौरे पर रहेंगी. जगदलपुर में विश्वप्रसिद्ध बस्तर दशहरा के तहत लाल बाग मैदान में होने वाले मुरिया दरबार में राष्ट्रपति मुर्मू शिरकत करेंगी. उनका आम जनता को संबोधन कार्यक्रम भी प्रस्तावित है. पुलिस-प्रशासन की ओर से कड़ी सुरक्षा के इंतजाम किए गए हैं. नक्शे देखें
मुरिया दरबार में आज राष्ट्रपति होंगी शामिल
राष्ट्रपति मुर्मू रायपुर से रवाना होकर जगदलपुर पहुचेंगी. यहां वह मां दंतेश्वरी मंदिर में पूजा-अर्चना कर आशीर्वाद लेंगी. इसके बाद दोपहर 12:45 बजे सिरहासार भवन में आयोजित विश्व प्रसिद्ध बस्तर दशहरा के मुरिया दरबार को संबोधित करेंगी. वहीं लालबाग मैदान से आम जनता को भी संबोधित करेंगी. मुरिया दरबार में राष्ट्रपति मांझी-चालकी, नाइक-पाइक और मेंबर-मेंबरिन से मुलाकात करेंगी. इसके बाद वह वापस दिल्ली के लिए रवाना हो जाएंगी.
जगदलपुर में कार्यक्रम को लेकर तैयारी पूरी
जगदलपुर में राष्ट्रपति मुर्मू के प्रस्तावित दौरे को लेकर मंत्री केदार कश्यप ने लालबाग मैदान पहुंचकर गुरुवार को तैयारियों का जायजा लिया. कार्यक्रम स्थल का निरीक्षण कर उन्होंने मंच एवं बैठक व्यवस्था, विशिष्ट अतिथियों के लिए निर्धारित दीर्घा, सुरक्षा, यातायात प्रबंधन और आम नागरिकों की सुविधाओं को लेकर संबंधित अधिकारियों को अहम निर्देश दिए. निरीक्षण के दौरान जगदलपुर विधायक किरण सिंह देव, महापौर संजय पाण्डे, कमिश्नर डोमन सिंह, पुलिस महानिरीक्षक बीएन मीणा, कलेक्टर आकाश छिकारा और पुलिस अधीक्षक शलभ सिन्हा समेत अन्य अफसर मौजूद रहे.
राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू के दौरे को लेकर हाई-अलर्ट पर बस्तर!
राष्ट्रपति के दौरे को लेकर बस्तर हाईअलर्ट पर है. जगदलपुर एयरपोर्ट पर राष्ट्रपति मुर्मू के स्वागत के लिए बस्तर दशहरा समिति और स्थानीय प्रशसन की ओर से विशेष तैयारियां की गई हैं. बस्तर की विशेष लोकसंस्कृति और पारंपरिक प्रतीकों के अनुरूप अभिनदंन किया जाएगा.
वीवीआईपी सुरक्षा के मद्देनजर जिला प्रशासन से जगदलपुर एयरपोर्ट से 25 किलोमीटर के दायरे में 23 अक्टूबर को सुबह 6 बजे से शाम 4 बजे तक नो ड्रोन फ्लाइंग जोन घोषित किया है. वहीं सिरहासार भवन और मां दंतेश्वरी मंदिर परिसर के 3 किलोमीटर के दायरे में सुबह 7 बजे से शाम 5 बजे तक ड्रोन उड़ाने पर बैन रहेगा.
सुरक्षा के लिहाज से दो हजार से अधिक जवानों की तैनाती की गई है. साथ ही आईजी और डीआईजी रैंक के अधिकारियों की भी ड्यूटी लगाई गई है. चौक-चौराहों पर ट्रैफिक नियंत्रण के भी निर्देश हैं.
राष्ट्रपति के आज के दौरे पर एक नजर
23 अक्टूबर को सुबह 11 बजे राष्ट्रपति जगदलपुर स्थित मां दंतेश्वरी मंदिर में पूजा-अर्चना करेंगी.
दोपहर 12:45 बजे लालबाग में आयोजित मुरिया दरबार और बस्तर दशहरा के सार्वजनिक कार्यक्रम में शामिल होंगी.
दोपहर 1:40 बजे दिल्ली के लिए रवाना होंगी.
——————–
ईसाई धर्म नहीं अपनाने पर मारपीट का आरोप, 2 महिलाओं पर FIR दर्ज, जानिए पूरा मामला

रायपुर. राजधानी के अमलीडीह इलाके में धर्म परिवर्तन के लिए दबाव बनाने और मारपीट करने के आरोप में दो महिलाओं के खिलाफ FIR दर्ज की गई है. शिकायतकर्ता ने आरोप लगाया है कि परिवार पर ईसाई धर्म अपनाने का दबाव बनाया जा रहा था. असहमति जताने मारपीट की गई और परिवार के सदस्यों को परेशान किया गया. मामला न्यू राजेंद्र नगर थाना क्षेत्र का है.
पीड़ित परिवार ने पुलिस को बताया कि परिवार पर धर्म परिवर्तन करने के लिए दबाव बनाया जा रहा था. शिकायत में दावा है कि उसकी छोटी बेटी का पहले ही धर्म परिवर्तन कराया जा चुका है. वहीं परिवार के अन्य सदस्यों पर भी ईसाई धर्म अपनाने के लिए दबाव बनाया जा रहा था. आरोप है कि धर्म परिवर्तन से इनकार करने पर उनके साथ लात-घूंसों से मारपीट की गई.
पीड़ितों का आरोप है कि विवाद के दौरान मोबाइल फोन तोड़ दिया गया. इसके अलावा घर में ताला लगाने और इलाज के लिए बाहर नहीं जाने देने की भी शिकायत की गई है. परिवार ने यह भी आरोप लगाया कि उसके 16 वर्षीय बेटे को धर्म परिवर्तन के लिए प्रलोभन दिया जा रहा था.
पुलिस ने शिकायत के आधार पर विशाखा मसीह और दुलारी साहू के खिलाफ FIR दर्ज किया. पुलिस ने छत्तीसगढ़ धर्म स्वातंत्र्य अधिनियम 2026 की धारा 16(1) के तहत अपराध पंजीबद्ध किया है. फिलहाल पुलिस मामले की जांच कर रही है. शिकायत में लगाए गए आरोपों की पुष्टि जांच के बाद ही हो सकेगी.
——————————
शराब पर चला बुलडोजर: 34 हजार लीटर मदिरा नष्ट

दुर्ग। दुर्ग जिले में लंबे समय से जब्त रखी गई अनुपयोगी शराब का न्यायालयीन आदेश के बाद विधिवत नष्टीकरण किया गया। जिले के 11 थानों में वर्ष 2011 से पूर्व दर्ज 294 आबकारी प्रकरणों में जब्त करीब 34 हजार बल्क लीटर मदिरा को निर्धारित प्रक्रिया के तहत बुलडोजर चलाकर नष्ट किया गया। यह कार्रवाई न्यायालय, कलेक्टर और पर्यावरण विभाग की अनुमति के बाद सुपेला थाना क्षेत्र के अंतर्गत निर्धारित स्थल पर आबकारी, पुलिस और राजस्व विभाग के अधिकारियों की मौजूदगी में संपन्न हुई।
दरअसल, दुर्ग जिले के विभिन्न थानों में वर्ष 2011 से पहले दर्ज आबकारी मामलों में जब्त शराब लंबे समय से सुरक्षित रखी गई थी। समय बीतने के कारण यह मदिरा मानव उपभोग के योग्य नहीं रह गई थी। ऐसे में न्यायालय और जिलाधीश के आदेशानुसार इसके नष्टीकरण की प्रक्रिया पूरी की गई।
इस कार्रवाई के तहत कुल 294 आबकारी प्रकरणों में जब्त 33,920.145 बल्क लीटर मदिरा का विधिवत नष्टीकरण किया गया। पूरी कार्रवाई निर्धारित नियमों के अनुसार शराब नष्टीकरण टीम की मौजूदगी में संपन्न हुई। इसमें आबकारी विभाग, राजस्व प्रशासन और पुलिस विभाग के अधिकारियों ने सहभागिता निभाई।




