छत्तीसगढ़
Trending

देश प्रदेश की पांच बड़ी खबरें

टाइगर श्रॉफ से जुड़े फायरिंग मामले में जांच तेज, मुंबई पुलिस ने बनाईं 15 टीमें

मुंबई। अभिनेता टाइगर श्रॉफ से जुड़े फायरिंग मामले में मुंबई पुलिस ने जांच तेज कर दी है। पुलिस के मुताबिक, घटना उस वक्त हुई, जब टाइगर श्रॉफ गाड़ी में बैठकर वापस जा रहे थे। राहत की बात यह है कि अभिनेता पूरी तरह सुरक्षित हैं और उन्हें गोली नहीं लगी है।

मामले की गंभीरता को देखते हुए मुंबई पुलिस ने जांच के लिए करीब 15 टीमें गठित की हैं। वहीं, फॉरेंसिक टीम ने भी घटनास्थल पर शुरुआती जांच शुरू कर दी है। पुलिस घटना से जुड़े सभी पहलुओं की जांच कर रही है और आरोपियों तक पहुंचने के लिए साक्ष्य जुटाए जा रहे हैं।

———————

वर्दी में लापरवाही की हदें पार! नशे में धुत मिले ASI और आरक्षक, लावारिस पड़ी थी राइफल, वीडियो हुआ वायरल

अंबिकापुर। छत्तीसगढ़ के सरगुजा से एक वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है, जिसमें एक ASI और आरक्षक शराब के नशे में धुत्त पड़े दिखाई दे रहे हैं। वहीं उनका इंसास राइफल भी लावारिस हालत में पड़ा दिखाई दे रहा है, जो एक घोर लापरवाही को उजागर करता है।

कैदी लेकर आए थे दोनों पुलिसकर्मी

जानकारी के मुताबिक, ASI और आरक्षक शराब के नशे में प्रतीक्षा बस स्टैंड के पास नशे में चित पड़े मिले। बताया जा रहा है कि दोनों पुलिसकर्मी दुर्ग जिले में पदस्थ है और दुर्ग से कैदी लेकर अंबिकापुर जेल में शिफ्ट करने आए थे।

वरिष्ठ अधिकारियों ने मामले को लिया संज्ञान

स्थानीय लोगों ने जब दोनों पुलिसकर्मियों को नशे में धुत्त पड़े देखा, तो उन्होंने इसकी जानकारी बस स्टैंड चौकी पुलिस को दी। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और लावारिस हालत में पड़े इंसास राइफल को अपने कब्जे में लिया। मामले की गंभीरता को देख वरिष्ठ अधिकारियों ने मामले को संज्ञान में लिया है।

सोशल मीडिया पर वायरल हुआ वीडियो

वहीं दोनों पुलिसकर्मीयों का वीडियो भी सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है, जिसमें देखा जा सकता है कि ASI और आरक्षक शराब के नशे में पूरी तरह से धुत्त पड़े हुए हैं। वहीं उनका इंसास राइफल भी लावारिस हालत में पड़ा है।

ASI और आरक्षक निलंबित

इस पूरे घटनाक्रम के बाद वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक विजय अग्रवाल ने ASI जीवन प्रकाश एक्का और आरक्षक ऋषिकांत त्रिपाठी को निलंबित कर दिया है। निलंबन का आदेश भी जारी कर दिया गया है।

———————–

अटल आवास में लगी भीषण आग : दहशत में महिलाओं-बच्चों ने लगाई छलांग, लोगों ने रस्सी के सहारे किया रेस्क्यू

बिलासपुर: सरकंडा थाना क्षेत्र में मुक्तिधाम के पास बने अटल आवास के ग्राउंड फ्लोर पर रविवार की रात भीषण आग लग गई. रहवासियों में घटना से अफरा-तफरी का माहौल बन गया. घटना के दौरान बड़ी संख्या में महिलाएं, बच्चे और बुजुर्ग घरों में मौजूद थे. दहशत में कुछ महिलाओं और बच्चों ने जान बचाने के लिए पहले और दूसरे फ्लोर से छलांग लगा दी, जिसमें एक के घायल होने की सूचना है. गनिमत रही घटना में कोई जनहानि नहीं हुई है.

आग की चपेट में आई बाइकें जलकर खाक

जानकारी के मुताबिक, सरकंडा थाना इलाके के अटल आवास के ग्राउंड फ्लोर में रविवार देर रात आग लग गई. आग की चपेट में आने से आवास के बाहर खड़ी करीब 6 बाइक जलकर खाक हो गईं. आग की लपटें से निकल रहे धुएं को देखकर लोगों में अफरा-तफरी का माहौल बना और उन्होंने बचने के लिए परिवार समेत छलांग लगा दी. बाद में आसपास रहने वाले लोगों ने रस्सी और कपड़े के सहारे महिलाओं और बच्चों को छत से उतारा. करीब 75 से अधिक लोगों का रेस्क्यू किया गया.

रस्सी के सहारे फंसे लोगों का रेस्क्यू

आग लगने के बाद आवास में रहने वाले लोगों ने बाहर निकलने की कोशिश की, लेकिन धुएं और आग के कारण कई लोग भीतर ही फंस गए. स्थिति बिगड़ती देख लोगों में दहशत फैल गई. फंसे हुए लोगों को सुरक्षित बाहर निकालने के लिए रस्सी के सहारे रेस्क्यू अभियान चलाया गया. बड़ी संख्या में महिलाओं, बच्चों और बुजुर्गों के फंसे होने की सूचना मिलने के बाद राहत कार्य तेज किया गया.

फायर ब्रिगेड की टीम ने आग पर पाया काबू

घटना की सूचना मिलने पर सरकंडा पुलिस और फायर ब्रिगेड की टीम को मौके पर पहुंची. दमकल कर्मियों ने देर रात आग पर काबू पाया. आग लगने के बाद इलाके में लोगों की भीड़ जुट गई थी.

आग लगने के कारणों की जांच जारी

घटना में किसी के हताहत होने की सूचना नहीं है, हालांकि एक व्यक्ति के घायल होने की बात सामने आई है. आग लगने का कारण फिलहाल स्पष्ट नहीं हो सका है. प्रारंभिक तौर पर शॉर्ट सर्किट से आग लगने की आशंका जताई जा रही है. सरकंडा थाना पुलिस मामले की जांच में जुटी है. आग कैसे लगी और इससे कितना नुकसान हुआ, इसकी जानकारी जांच के बाद सामने आएगी.

—————-

प्रेमिका के मंगेतर पर जानलेवा हमला, आंखों में मिर्च पाउडर डालकर धारदार हथियार से किया वार, आरोपी गिरफ्तार

दुर्ग। छत्तीसगढ़ के दुर्ग जिले में प्रेम प्रसंग और आधार कार्ड को लेकर हुए विवाद में एक युवक पर जानलेवा हमला करने का मामला सामने आया है। आरोपी ने युवक की आंखों में मिर्च पाउडर डालकर धारदार हथियार से वार किया। मामले में कार्रवाई करते हुए पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर भेज दिया है। यह मामला जामुल थाना क्षेत्र का है।

शादी के लिए आधार कार्ड मांगने पर हुआ विवाद

जानकारी के अनुसार, प्रार्थी अमित कुमार बंजारे ने जामुल थाना में रिपोर्ट दर्ज कराई कि 15 अक्टूबर 2026 की रात करीब 9:30 बजे वह अपनी प्रेमिका किरण गुप्ता के साथ आरोपी दीपक गुप्ता के पास पहुंचा था। इस दौरान किरण ने अपने प्रेमी से विवाह करने के लिए आधार कार्ड की आवश्यकता बताते हुए आरोपी से आधार कार्ड मांगा। इसी बात को लेकर विवाद की स्थिति बन गई।

नया मकान दिखाने के बहाने ले जाकर किया हमला

विवाद के दौरान आरोपी दीपक गुप्ता ने अमित कुमार बंजारे को नया मकान दिखाने की बात कहकर शिवपुरी क्षेत्र की ओर ले गया। वहां आरोपी ने युवक की आंखों में मिर्च पाउडर डाल दिया और हत्या करने की नीयत से अपने पास रखे धारदार हथियार से उस पर वार कर दिया। हमले के दौरान अमित और किरण ने मौके से भागकर अपनी जान बचाई।

हमले में घायल अमित को तत्काल एंबुलेंस के माध्यम से अस्पताल पहुंचाया गया। वहां प्राथमिक उपचार के बाद बेहतर इलाज के लिए उसे दुर्ग रेफर किया गया। घटना की रिपोर्ट पर जामुल पुलिस ने भारतीय न्याय संहिता (बीएनएस) की धारा 109(1) के अंतर्गत अपराध दर्ज कर विवेचना शुरू की।

मामले की जांच के दौरान पुलिस ने घायल युवक और गवाहों के बयान दर्ज किए। साथ ही घटना में इस्तेमाल किए गए धारदार हथियार को जब्त कर लिया। विवेचना के दौरान आरोपी दीपक गुप्ता (48 वर्ष), निवासी कैंप-01, जलेबी चौक, जिला दुर्ग को गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर भेज दिया गया।

पुलिस की अपील

दुर्ग पुलिस ने आम नागरिकों से अपील की है कि प्रेम संबंधों, पारिवारिक मामलों और आपसी विवादों का समाधान कानून के दायरे में रहकर करें। किसी भी विवाद की स्थिति में हिंसा का सहारा न लें। गंभीर विवाद या संभावित अपराध की जानकारी तत्काल पुलिस को दें, ताकि समय रहते वैधानिक कार्रवाई की जा सके।

——————-

75 पेटी अवैध शराब जब्त: दशहरा मेले में बेचने की थी तैयारी, पुलिस की छापेमारी में पकड़ाया एक आरोपी

जगदलपुर: छत्तीसगढ़ के बस्तर जिले में अवैध शराब तस्करी के खिलाफ पुलिस की कार्रवाई लगातार जारी है। इसी कड़ी में पुलिस ने छापेमारी कर 5 लाख से ज्यादा की अंग्रेजी शराब बरामद की है, जिसे दशहरा मेले में बेचने की तैयारी थी। इस मामले में एक आरोपी को गिरफ्तार किया गया है।

छापेमारी में पकड़ाया 5.6 लाख का शराब

यह पूरा मामला कोड़ेनार थाना क्षेत्र का है। सूचना पर पुलिस ने ग्राम मावलीभाटा के जहाजभाटा पारा में छापेमारी की। इस दौरान 75 पेटी मध्यप्रदेश की अंग्रेजी शराब बरामद की गई है। जब्त शराब में गोवा व्हिस्की की 3 हजार 750 बोतलें शामिल हैं, जिनकी अनुमानित कीमत 5 लाख 6 हजार 250 रुपये बताई गई है।

दशहरा मेले में बेचने की थी तैयारी

पुलिस के अनुसार, आरोपी दुलगो कवासी शराब को दशहरा मेले में बेचने के लिए घर में जमा करके रखा था। पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार कर आबकारी एक्ट के तहत मामला दर्ज किया है। फिलहाल आरोपी को न्यायिक रिमांड में जेल भेज दिया गया है। वहीं दूसरी तरफ बस्तर पुलिस सप्लाई नेटवर्क से जुड़े अन्य आरोपियों की भी तलाश कर रही है।

 

 

 

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button