अपराध और हादसाछत्तीसगढ़

सावधान! रायपुर में धड़ल्ले से बिक रहा नकली खोवा-पनीर, 6.35 टन मिलावटी डेयरी उत्पाद सीज

रायपुर। आम लोगों की सेहत से खिलवाड़ करने वालों के खिलाफ खाद्य एवं औषधि प्रशासन (FDA) ने राजधानी रायपुर में बड़ी कार्रवाई की है। जिले के अलग-अलग इलाकों में डेयरी दुकानों और खाद्य इकाइयों पर छापेमारी कर नकली व अमानक दूध उत्पादों का भारी भंडार पकड़ा गया।

कार्रवाई के दौरान कुल 6,350 किलो नकली खोवा, पनीर, एनालॉग चीज, लस्सी और कलाकंद जब्त किए गए हैं, जिनकी अनुमानित बाजार कीमत 14 लाख 63 हजार 500 रुपये बताई जा रही है।

अधिकारियों के अनुसार, गुप्त सूचना के आधार पर यह संयुक्त कार्रवाई की गई। लंबे समय से नकली और मिलावटी डेयरी उत्पादों के भंडारण व बिक्री की शिकायतें मिल रही थीं। इसी कड़ी में अलग-अलग स्थानों पर एक साथ दबिश दी गई।

कार्रवाई में बोरीयाखुर्द स्थित सरस गोपी डेयरी एंड स्वीट्स से लस्सी व कृष्णा बर्फी, बीरगांव के काशी एग्रो फूड्स से एनालॉग चीज, प्रोफेसर कॉलोनी स्थित विवान फूड्स से लस्सी-पनीर तथा बिलासपुर हाईवे स्थित एस.जे. डेयरी से पैक्ड मिल्की मल्टी फ्रेश पनीर व एनालॉग उत्पाद जब्त किए गए।

जब्त सभी नमूनों को राज्य खाद्य परीक्षण प्रयोगशाला, कालीबाड़ी रायपुर भेजा गया है। जांच रिपोर्ट आने के बाद दोषी प्रतिष्ठानों के खिलाफ खाद्य सुरक्षा एवं मानक अधिनियम के तहत सख्त कार्रवाई की जाएगी। प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि आगे भी ऐसी कार्रवाई जारी रहेगी।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button