
रायपुर। राजधानी के कटोरा तालाब स्थित हनुमान मंदिर के बाजू में संचालित शराब दुकान को लेकर स्थानीय स्तर पर विरोध के स्वर उठ रहे हैं। मंदिर के पुजारी का कहना है कि यह मंदिर करीब 60 से 70 साल पुराना है, जबकि पिछले पांच-छह वर्षों से मंदिर के ठीक बगल में शराब दुकान संचालित की जा रही है। इससे मंदिर आने वाले श्रद्धालुओं और आसपास के लोगों को परेशानी का सामना करना पड़ रहा है।
मंदिर परिसर में शराबियों के पड़े रहने का आरोप
पुजारी के अनुसार, शराब दुकान से शराब खरीदने वाले कुछ लोग नशे की हालत में मंदिर परिसर में पड़े रहते हैं। इससे मंदिर में पूजा-अर्चना के लिए आने वाले श्रद्धालुओं को असुविधा होती है। विशेषकर महिलाओं को मंदिर आने-जाने में परेशानी होने की बात भी पुजारी ने कही है।
विरोध के बाद भी नहीं हुई कार्रवाई
पुजारी का कहना है कि शराब दुकान को हटाने के लिए कई बार विरोध किया जा चुका है, लेकिन अब तक शासन-प्रशासन की ओर से कोई ठोस कार्रवाई नहीं हुई है। उन्होंने सरकार और संबंधित विभाग से मामले को गंभीरता से लेते हुए शराब दुकान को दूसरी जगह स्थानांतरित करने की मांग की है।
मंदिर के पास शराब दुकान संचालित होने के मुद्दे ने धार्मिक स्थल की गरिमा, श्रद्धालुओं की सुविधा और स्थानीय लोगों की सुरक्षा को लेकर सवाल खड़े किए हैं।




