छत्तीसगढ़
Trending

देश प्रदेश की आज की पांच बड़ी खबरें….

छत्तीसगढ़ के कबीरधाम में उग्र हुआ किसानों का आंदोलन, रायपुर, बिलासपुर समेत कई नेशनल हाइवे जाम

कवर्धा: कवर्धा जिले में भारतीय किसान संघ का आंदोलन आज भी जारी है। करीब 20 घंटे से यहां किसानों ने चक्का जाम कर दिया है। जिसके चलते यहां माहौल तनावपूर्ण हो गया है। किसान 23 सूत्रीय मांगों को लेकर लगातार यहां प्रदर्शन कर रहे हैं। जिसके चलते NH30 पर वाहनों की लंबी कतारें लगी हुई है। किसानों के प्रदर्शन की वजह से रायपुर, बिलासपुर और राजनांदगांव रोड पूरी तरह से बाधित हो गई है। साथ ही स्कली वाहनों की आवाजाही भी बंद हो गई है। जिससे आम लोगों को काफी परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है।
इस आंदोलन का असर स्कूली बच्चों पर भी पड़ा है। स्कूली वाहनों की आवाजाही बंद होने के कारण स्कूलों में छुट्टी कर दी गई है और परीक्षाएं भी रद्द होने की जानकारी सामने आई है। सड़क जाम होने से जरूरी कामों के लिए निकलने वाले लोगों को भी परेशानी झेलनी पड़ रही है।
आपको बता दें कि अपने 23 सूत्रीय मांगों को लेकर कवर्धा में किसानों का बड़ा शक्ति प्रदर्शन जारी है। भारतीय किसान संघ के बैनर तले जिलेभर के हजारों किसान बलराम किसान न्याय यात्रा के नाम से विशाल ट्रैक्टर रैली निकालकर जिला मुख्यालय को चारों तरफ से घेर लिया है। जिसके चलते आवागमन पूरी तरह ठप्प पड़ गई है।

—-

महादेव सट्टा कांड : टीवी होस्ट शेफाली बग्गा ने सरेंडर किए 1.20 करोड़ रुपए

रायपुर। महादेव बेटिंग ऐप मामले में बिग बॉस फेम तथा टीवी होस्ट शेफाली बग्गा ने ईडी के सामने 1.20 करोड़ रुपए सरेंडर कर दिए हैं। उन पर आरोप है कि बेटिंग प्लेटफॉर्म के प्रमोशनल वीडियो बनाने के लिए उन्हें करीब 1.50 करोड़ रुपए दिए गए। ईडी ने अपनी चार्जशीट में उल्लेख किया है कि दिल्ली स्थित उनके घर की तलाशी में. 30 लाख रुपए नकद मिले थे। जो जानकारी मिली है, उसके मुताबिक पूछताछ के दौरान बग्गा ने रुपए सरेंडर करने की इच्छा व्यक्त की थी।

—-

छत्तीसगढ़ में फिर बदलेगा मौसम, बारिश का अलर्ट

रायपुर। प्रदेश में मानसून अब पूरी तरह विदाई की ओर बढ़ गया है, लेकिन अभी भी कुछ इलाकों में बारिश हो रही है। मौसम विभाग के अनुसार, आठ अक्टूबर को दक्षिण-पश्चिम मानसून प्रदेश के कुछ और हिस्सों से वापस लौट गया। पिछले 24 घंटे में उत्तरी और मध्य छत्तीसगढ़ के एक-दो स्थानों पर हल्की से मध्यम बारिश के साथ तेज हवा और मेघगर्जन हुई।
कुसमी में 50-50 मिमी बारिश दर्ज की गई। चांदो में 30, जबकि लाभांडी, रामचंद्रपुर, बेलतरा और दुर्ग में 20-20 मिमी बारिश हुई। केशकाल, मैनपाट और ससनोसट में एक-एक मिमी बारिश दर्ज की गई। विभाग ने शुक्रवार को एक-दो स्थानों पर बहुत हल्की से हल्की बारिश की संभावना जताई है। इसके बाद अगले दो दिनों में मौसम मुख्यतः शुष्क रहने का अनुमान है।

—-

पश्चिम बंगाल : नंदीग्राम और रेजीनगर उपचुनाव में बीजेपी उम्मीदवार आगे

कोलकाता। पश्चिम बंगाल की नंदीग्राम और रेजीनगर विधानसभा सीटों पर हुए उपचुनाव के लिए वोटों की गिनती शुरू हो गई है। दोनों सीटों पर 6 अक्टूबर को कड़ी सुरक्षा के बीच मतदान हुआ था। सुरक्षा के लिए केंद्रीय बलों की 71 कंपनियां तैनात की गई थीं। दोनों सीटों पर करीब 78 फीसदी मतदान दर्ज किया गया।
नंदीग्राम : मुख्यमंत्री शुभेंदु अधिकारी ने 2026 के विधानसभा चुनाव में नंदीग्राम और भवानीपुर, दोनों सीटों से जीत हासिल की थी। हालांकि, उन्होंने भवानीपुर सीट अपने पास रखी जिसके कारण नंदीग्राम में उपचुनाव कराना पड़ा।
बीजेपी ने यहां हसीरानी रथ को उम्मीदवार बनाया है। वह शुभेंदु अधिकारी के पूर्व सहयोगी चंद्रनाथ रथ की मां हैं। चंद्रनाथ रथ की 6 मई को गोली मारकर हत्या कर दी गई थी।
कांग्रेस ने मिलन प्रधान को मैदान में उतारा है। उन्हें ममता बनर्जी का समर्थन मिला है। तृणमूल कांग्रेस की उम्मीदवार संचिता प्रधान डे के नाम वापस लेने के बाद ममता बनर्जी ने कांग्रेस उम्मीदवार का समर्थन किया।
रेजीनगर: यह सीट आम जनता उन्नयन पार्टी (AJUP) के प्रमुख हुमायूं कबीर के इस्तीफे के बाद खाली हुई थी। उन्होंने अप्रैल में रेजीनगर और नौदा, दोनों सीटों पर जीत हासिल की थी लेकिन बाद में नौदा सीट अपने पास रखी। रेजीनगर में AJUP ने हुमायूं कबीर के बेटे गुलाम नबी आजाद को उम्मीदवार बनाया है। उनका मुकाबला बीजेपी के सखारव सरकार से है।

—-

GST कानून से गिरफ्तारी का प्रावधान हटाने की सिफारिश:वित्त मंत्री ओपी चौधरी बोले- छोटे व्यापारियों को मिलेगी राहत

रायपुर। GST परिषद की 57वीं बैठक में व्यापारियों को राहत देने वाले कई बड़े बदलावों की सिफारिश की गई है। इनमें गिरफ्तारी के नियम में बदलाव, इनपुट टैक्स क्रेडिट (ITC) का दायरा बढ़ाना, ट्रकों की जांच आसान करना, रिफंड जल्दी देना और छोटे व्यापारियों को लेट फीस व जुर्माने में राहत जैसे प्रस्ताव शामिल हैं। नई दिल्ली में हुई बैठक में छत्तीसगढ़ के वित्त मंत्री ओपी चौधरी भी शामिल हुए। उन्होंने कहा कि इन बदलावों से व्यापारियों को GST की प्रक्रिया आसान होगी और कारोबार करना आसान होगा।
GST परिषद ने GST कानून में गिरफ्तारी से जुड़े धारा 69 को हटाने की सिफारिश की है। इसके साथ ही मुकदमा चलाने के लिए टैक्स की सीमा 1 करोड़ से बढ़ाकर 5 करोड़ रुपए करने का प्रस्ताव है।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button