
रायपुर। रायपुर के आरंग में किसान नेता रूपन चंद्राकर के भतीजे शिवकुमार चंद्राकर (सरकारी टीचर) का खून से लथपथ शव मिला है। उनके सिर पर चोट के निशान हैं। पुलिस ने हत्या की आशंका पर जांच शुरू कर दी है। मामला महानदी तट के बनचरौदा के पास का है।
शिवकुमार चंद्राकर डंगनिया (चंपारण) के रहने वाले थे। वे कुम्हारी स्थित शासकीय स्कूल में शिक्षक के पद पर पदस्थ थे। बुधवार-गुरुवार की रात महानदी किनारे उनका शव मिलने की सूचना पुलिस को मिली। मौके पर पहुंची टीम को शव के पास उनकी बाइक भी मिली है।
सिर पर चोट के निशान
पुलिस की शुरुआती जांच में शिक्षक के सिर पर किसी भारी वस्तु से वार किए जाने की आशंका है। घटना स्थल पर खून के निशान भी मिले हैं। बाइक मिलने के बाद पुलिस ने हत्या के एंगल से जांच आगे बढ़ाई है। हालांकि अभी तक हत्या की वजह और वारदात में इस्तेमाल हथियार का पता नहीं चल पाया है।
पुरानी रंजिश समेत कई एंगल पर जांच
घटना की सूचना मिलते ही आरंग पुलिस मौके पर पहुंची। पुलिस आसपास के लोगों से पूछताछ कर रही है। पुरानी रंजिश समेत अन्य संभावित कारणों को ध्यान में रखकर जांच की जा रही है। घटना स्थल से पुलिस ने जरूरी साक्ष्य जुटाए हैं।
जांच के लिए रायपुर से डॉग स्क्वाड और फॉरेंसिक टीम को भी बुलाया गया। टीम ने मौके की बारीकी से जांच कर साक्ष्य जुटाए हैं। पुलिस ने परिजनों को घटना की जानकारी देने के बाद शव को पोस्टमॉर्टम के लिए भेज दिया है। मामले में हत्या का केस दर्ज कर आरोपियों की तलाश की जा रही है।




