छत्तीसगढ़
Trending

रायपुर में श्याम मंदिर के निर्माण की तैयारी शुरू, 12 दिसंबर को कन्हैया मित्तल की होगी भजन-संध्या

रायपुर। रायपुर में श्री श्याम बाबा के दूसरे प्रमुख मंदिर के निर्माण की तैयारी शुरू हो गई है। श्री श्याम सेवा मंडल सड्डू की ओर से सड्डू इलाके में मंदिर के साथ सामाजिक और धार्मिक आयोजनों के लिए भवन बनाया जाएगा। इसके लिए चयनित जमीन की रजिस्ट्री 16 सितंबर को पूरी हो गई। अब 12 दिसंबर को भूमि पूजन किया जाएगा। इसी दिन भजन संध्या भी होगी, जिसमें चंडीगढ़ के भजन गायक कन्हैया मित्तल और रायपुर के विनय अग्रवाल प्रस्तुति देंगे।
मंडल के अध्यक्ष बजरंग अग्रवाल के अनुसार मंदिर परिसर करीब 20 हजार वर्गफीट में विकसित किया जाएगा। यहां श्याम बाबा के साथ भगवान शिव, बजरंगबली और भगवान गणेश की प्रतिमाएं स्थापित की जाएंगी। मंदिर के साथ सामाजिक और पारिवारिक आयोजनों के लिए भवन भी बनाया जाएगा। निर्माण पूरा होने में करीब दो साल लगने की संभावना है।

15 हजार वर्गफीट का होगा लॉन
परिसर में करीब 15 हजार वर्गफीट का सभागार और लगभग 60 कमरे बनाए जाएंगे। इसके अलावा 10 से 15 हजार वर्गफीट का लॉन विकसित करने की योजना है। कार पार्किंग समेत अन्य जरूरी सुविधाएं भी परिसर में रखी जाएंगी। यहां शादी-विवाह, सामाजिक कार्यक्रम, सत्संग और धार्मिक आयोजन किए जा सकेंगे। मंडल के अनुसार निर्माण श्याम भक्तों और समाज के सहयोग से किया जाएगा।

समता कॉलोनी में अभी एकमात्र मंदिर
राजधानी में अभी समता कॉलोनी में प्रमुख श्याम मंदिर है। इसका संचालन श्री श्याम परिवार मित्र मंडल करता है। यहां हर माह एकादशी पर दर्शन और कीर्तन के लिए श्रद्धालु पहुंचते हैं। फाल्गुन मेला, श्याम बाबा का जन्मोत्सव और धनतेरस पर भी विशेष आयोजन होते हैं। सड्डू में बनने वाला मंदिर शहर में श्याम भक्तों के लिए एक और प्रमुख धार्मिक स्थल होगा।
मंडल के सदस्य मनीष अग्रवाल ने बताया कि 12 दिसंबर को भूमि पूजन के बाद भजन संध्या होगी। इसमें कन्हैया मित्तल और विनय अग्रवाल प्रस्तुति देंगे। अन्य भजन कलाकारों को भी बुलाने की तैयारी है। मंडल में सचिन शर्मा सचिव और अनिल अग्रवाल कोषाध्यक्ष हैं, जबकि विनय अग्रवाल, दीपक बाजोरिया, आनंद अग्रवाल, दिलीप अग्रवाल, दिनेश साहू, नितेश अग्रवाल, प्रखर गर्ग, मोहन अग्रवाल, अनिल बाजोरिया और अमित शर्मा सदस्य हैं।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button