रायपुर। संवाददाता: राजधानी रायपुर के माना थाना क्षेत्र के नकटी गांव स्थित ब्लू वाटर में बुधवार शाम दोस्तों के साथ घूमने पहुंचे 24 वर्षीय युवक के लिए तैरने की शर्त जानलेवा साबित हो गई। पानी में एक छोर से दूसरे छोर तक तैरकर जाने की कोशिश के दौरान मौदहापारा निवासी आदिल खान गहरे पानी में डूब गया।
जानकारी के मुताबिक आदिल खान अपने दोस्तों के साथ ब्लू वाटर घूमने पहुंचा था। इसी दौरान दोस्तों के बीच पानी में तैरकर एक तरफ से दूसरी तरफ जाने को लेकर शर्त लग गई। शर्त के चलते आदिल पानी में उतर गया और कुछ दूर तक तैरने के बाद तालाब के बीच गहरे पानी में चला गया।
गहरे पानी में पहुंचते ही डूबा युवक
बताया जा रहा है कि आदिल और उसका एक दोस्त पानी में उतरकर तैरने लगे। दोनों कुछ दूरी तक आगे बढ़े, लेकिन पानी की गहराई बढ़ने के बाद आदिल अचानक डूबने लगा।
वह देखते ही देखते गहरे पानी में चला गया। वहीं उसके साथी ने किसी तरह तैरकर सुरक्षित बाहर निकलने में सफलता हासिल की।
घटना का वीडियो भी सामने आने की जानकारी है, जिसमें युवक को पानी में तैरते हुए देखा जा सकता है।
पुलिस और SDRF ने शुरू किया सर्च ऑपरेशन
हादसे की सूचना मिलते ही माना थाना पुलिस मौके पर पहुंची और SDRF की टीम को बुलाया गया। टीम ने युवक की तलाश शुरू की।
ब्लू वाटर में पानी की गहराई अधिक होने और रात होने के कारण सर्च ऑपरेशन को रोकना पड़ा। इसके बाद गुरुवार सुबह SDRF की टीम ने युवक की तलाश दोबारा शुरू की।
परिजनों को दी गई घटना की सूचना
पुलिस ने घटना की जानकारी युवक के परिजनों को दे दी है। हादसे के बाद परिवार में शोक का माहौल है।
फिलहाल SDRF की टीम गहरे पानी में युवक की तलाश कर रही है। युवक के डूबने की घटना ने ब्लू वाटर जैसे गहरे जलक्षेत्रों में सुरक्षा और सावधानी को लेकर भी सवाल खड़े किए हैं।
