देश दुनियां

सोना-चांदी में बड़ी गिरावट, मजबूत डॉलर और वैश्विक तनाव से दबाव

मुंबई। सप्ताह के पहले कारोबारी दिन सोमवार को सोना और चांदी की कीमतों में तेज गिरावट दर्ज की गई। मजबूत अमेरिकी डॉलर, अमेरिकी ब्याज दरों के लंबे समय तक ऊंचे बने रहने की आशंकाओं और वैश्विक आर्थिक अनिश्चितताओं के चलते निवेशकों का रुझान बदला, जिससे कीमती धातुओं पर दबाव देखने को मिला।

मल्टी कमोडिटी एक्सचेंज (MCX) पर अगस्त डिलीवरी वाला सोना 1,42,633 रुपये प्रति 10 ग्राम पर खुला, जो पिछले बंद भाव 1,43,478 रुपये से 845 रुपये कम था। कारोबार के दौरान सोना 1,41,557 रुपये के निचले स्तर तक फिसल गया। खबर लिखे जाने तक यह करीब 1,378 रुपये (0.96 प्रतिशत) की गिरावट के साथ 1,42,100 रुपये पर कारोबार कर रहा था।

वहीं, सितंबर डिलीवरी वाली चांदी भी दबाव में रही। कारोबार के दौरान चांदी 5,387 रुपये (2.41 प्रतिशत) टूटकर 2,17,277 रुपये प्रति किलोग्राम तक पहुंच गई। बाद में यह करीब 3,999 रुपये (1.80 प्रतिशत) की गिरावट के साथ 2,18,665 रुपये प्रति किलोग्राम पर कारोबार करती रही।

अंतरराष्ट्रीय बाजार में भी कमजोरी का रुख देखने को मिला। COMEX पर सोना और चांदी दोनों में गिरावट दर्ज की गई, जिसका असर घरेलू बाजार पर भी पड़ा।

क्या है गिरावट की वजह?

बाजार विशेषज्ञों के अनुसार, अमेरिकी डॉलर में मजबूती और अमेरिकी ट्रेजरी बॉन्ड की बढ़ती यील्ड ने सोने जैसी गैर-ब्याज वाली संपत्तियों की आकर्षण क्षमता कम कर दी है। इसके अलावा, अमेरिकी ब्याज दरों के लंबे समय तक ऊंचे बने रहने की संभावना भी निवेशकों की धारणा को प्रभावित कर रही है।

विशेषज्ञों का कहना है कि मध्य-पूर्व में बढ़ते भू-राजनीतिक तनाव और कच्चे तेल की कीमतों में तेजी से महंगाई बढ़ने की आशंका भी बनी हुई है। इस बीच डॉलर इंडेक्स बढ़कर 100.90 पर पहुंच गया, जिससे कीमती धातुओं पर अतिरिक्त दबाव देखने को मिला।

विशेषज्ञों के मुताबिक, आने वाले दिनों में अमेरिका-ईरान से जुड़े घटनाक्रम, अमेरिकी आर्थिक आंकड़े और फेडरल रिजर्व की ब्याज दरों पर टिप्पणी सोना-चांदी की कीमतों की दिशा तय करने में अहम भूमिका निभाएंगे।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button