अपराध और हादसाछत्तीसगढ़

रायपुर में कथित नकली पनीर बनाने की शिकायत पर छापा, खाद्य विभाग ने सैंपल जांच के लिए भेजा

रायपुर। राजधानी रायपुर के भाठागांव क्षेत्र में कथित रूप से केमिकल की मदद से नकली पनीर तैयार किए जाने की शिकायत पर खाद्य एवं औषधि प्रशासन की टीम ने कार्रवाई करते हुए पनीर के सैंपल जब्त कर जांच के लिए प्रयोगशाला भेज दिए हैं। मामले को लेकर कांग्रेस ने गंभीर आरोप लगाए हैं और निष्पक्ष जांच की मांग की है।

कांग्रेस नेता नवाज खान का आरोप है कि संबंधित फैक्ट्री में बिना दूध के पनीर तैयार किया जा रहा था। उनका दावा है कि इस संबंध में वीडियो साक्ष्य भी मौजूद हैं। उन्होंने यह भी आरोप लगाया कि फैक्ट्री संचालक ने कैमरे पर अधिकारियों से सांठगांठ होने की बात कही, जिसके कारण उसके खिलाफ कार्रवाई नहीं होती।

कांग्रेस का यह भी कहना है कि शिकायत मिलने के बावजूद खाद्य विभाग की टीम समय पर मौके पर नहीं पहुंची, जिससे फैक्ट्री संचालक को तैयार माल और अन्य सामग्री हटाने का मौका मिल गया।

24 घंटे में कार्रवाई की मांग

युवा कांग्रेस ने प्रशासन से 24 घंटे के भीतर संबंधित फैक्ट्री को सील करने और संचालक के खिलाफ एफआईआर दर्ज करने की मांग की है। संगठन ने चेतावनी दी है कि समय सीमा के भीतर कार्रवाई नहीं होने पर खाद्य विभाग कार्यालय का घेराव किया जाएगा।

जांच रिपोर्ट के बाद होगी आगे की कार्रवाई

खाद्य अधिकारी विनोद कुमार गुप्ता ने बताया कि शिकायत मिलने के बाद टीम ने मौके पर पहुंचकर पनीर के नमूने जब्त किए हैं, जिन्हें जांच के लिए प्रयोगशाला भेजा गया है। उन्होंने कहा कि लैब रिपोर्ट आने के बाद ही यह स्पष्ट होगा कि पनीर मानकों के अनुरूप है या नहीं। रिपोर्ट के आधार पर नियमानुसार आगे की कार्रवाई की जाएगी।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button