छत्तीसगढ़

राहुल गांधी के दौरे पर भाजपा का तंज, चंद्राकर ने उठाए सवाल

रायपुर । मुख्यमंत्री निवास में हुई मंत्रियों की हाई लेवल बैठक को लेकर कांग्रेस द्वारा सरकार में “विस्फोटक स्थिति” बताए जाने पर भाजपा विधायक अजय चंद्राकर ने तीखा पलटवार किया है। उन्होंने कहा कि विस्फोटक स्थिति सरकार में नहीं, बल्कि कांग्रेस के भीतर बनी हुई है। कांग्रेस को यह बताना चाहिए कि आखिर उसके नेता लगातार पार्टी क्यों छोड़ रहे हैं।

मीडिया से चर्चा करते हुए अजय चंद्राकर ने कहा कि मुख्यमंत्री और भाजपा संगठन की ओर से समय-समय पर नियमित समीक्षा बैठकें आयोजित की जाती हैं। हाल ही में हुई बैठक भी इसी प्रक्रिया का हिस्सा थी। इसमें कोई असामान्य बात नहीं है। कांग्रेस बेवजह राजनीतिक अर्थ निकालने की कोशिश कर रही है।

कांग्रेस नेता राहुल गांधी के 21 जून को प्रस्तावित छत्तीसगढ़ दौरे पर भी चंद्राकर ने तंज कसा। उन्होंने कहा कि कांग्रेस को बताना चाहिए कि क्या राहुल गांधी के स्वागत के लिए भी गुलाब मंगवाए जा रहे हैं। उन्होंने व्यंग्य करते हुए कहा कि राहुल गांधी शायद पूर्व मुख्यमंत्री भूपेश बघेल को बधाई देने आ रहे हैं। चंद्राकर ने दावा किया कि भूपेश बघेल जहां-जहां जाते हैं, वहां पार्टी को हार का सामना करना पड़ता है।

भाजपा विधायक ने कांग्रेस के प्रशिक्षण कार्यक्रम पर भी सवाल उठाते हुए कहा कि पार्टी को प्रशिक्षण की आवश्यकता क्यों पड़ रही है, यह कांग्रेस ही बेहतर बता सकती है। उन्होंने कहा कि कांग्रेस के तथाकथित राजनीतिक विशेषज्ञ लगातार चुनावी पराजय ही दिला रहे हैं और जनता उनकी कार्यशैली देख चुकी है।

शराब की ओवररेटिंग के मुद्दे पर कांग्रेस के आरोपों को खारिज करते हुए चंद्राकर ने कहा कि कांग्रेस को इस विषय पर बोलने का नैतिक अधिकार नहीं है। उन्होंने आरोप लगाया कि कांग्रेस सरकार के कार्यकाल में विभिन्न प्रकार के भ्रष्टाचार के मामले सामने आए थे।

इंडिया गठबंधन पर निशाना साधते हुए उन्होंने कहा कि गठबंधन में भगदड़ जैसी स्थिति है और देश में राजनीतिक अस्थिरता का माहौल बनाने की कोशिश की जा रही है। उन्होंने कांग्रेस से जिम्मेदार विपक्ष की भूमिका निभाने की अपील करते हुए कहा कि पार्टी अब सीमित नेताओं तक सिमटकर रह गई है।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button