जशपुर। पत्थलगांव थाना क्षेत्र से एक सनसनीखेज वारदात सामने आई है। यहां घर में अकेली रह रही एक वृद्ध महिला की अज्ञात हमलावर ने धारदार हथियार से बेरहमी से हत्या कर दी। घटना के बाद पूरे इलाके में दहशत का माहौल है। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और मामले की जांच शुरू कर दी है।
मामला पत्थलगांव थाना क्षेत्र के फूलेता चौक का है। यहां रहने वाली शांति बाई यादव की अज्ञात व्यक्ति ने धारदार हथियार से हमला कर निर्मम हत्या कर दी। परिजनों के अनुसार शांति बाई यादव घर में अकेली रहती थीं और चना-मुर्रा बेचकर अपना जीवन यापन करती थीं।
घटना का खुलासा उस समय हुआ जब मृतका का भतीजा उन्हें एक शादी समारोह में ले जाने के लिए घर पहुंचा। घर के अंदर जाते ही उसने अपनी बुआ को जमीन पर खून से लथपथ पड़ा देखा, जिसके बाद तुरंत पुलिस को सूचना दी गई।
सूचना मिलते ही पत्थलगांव पुलिस मौके पर पहुंची और घटनास्थल का मुआयना किया। मामले की गंभीरता को देखते हुए डॉग स्क्वाड की टीम को भी बुलाया गया है, जो आसपास के इलाके में सुराग तलाश रही है। फिलहाल हत्या के पीछे की वजह स्पष्ट नहीं हो पाई है। पुलिस ने मर्ग कायम कर शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है और आसपास के लोगों से पूछताछ कर रही है। पुलिस हर एंगल से जांच करते हुए अज्ञात आरोपी की तलाश में जुटी हुई है।
