रायपुर। राजधानी रायपुर में ऑनलाइन क्रिकेट सट्टे के खिलाफ पुलिस ने बड़ी कार्रवाई की है। रायपुर पुलिस कमिश्नरेट की क्राइम ब्रांच ने टी-20 वर्ल्ड कप फाइनल के दौरान इंडिया-न्यूजीलैंड मैच पर सट्टा खिलाने वाले छह आरोपियों को गिरफ्तार किया है। आरोपियों को शहर के दो अलग-अलग थाना क्षेत्रों से पकड़ा गया।
पुलिस के अनुसार डीडी नगर थाना क्षेत्र से अनिल खत्री और लीला राम पहलाजानी को गिरफ्तार किया गया। ये आरोपी www.onebet9.com वेबसाइट के माध्यम से मैच पर ऑनलाइन दांव लगवा रहे थे। वहीं तेलीबांधा थाना क्षेत्र से धरमू उर्फ धर्मेंद्र पोहानी, संजय तकटानी उर्फ सोनू, राहुल असलानी और अभय शर्मा को पकड़ा गया। ये सभी आरोपी JMD777 नाम की आईडी के जरिए ऑनलाइन सट्टा संचालित कर रहे थे।
कार्रवाई के दौरान पुलिस ने आरोपियों के पास से मोबाइल फोन, लैपटॉप और ऑनलाइन लेन-देन से जुड़े दस्तावेज भी बरामद किए हैं। पुलिस का कहना है कि डिजिटल प्लेटफॉर्म के जरिए बड़े पैमाने पर सट्टा संचालित किया जा रहा था, जिसकी जांच जारी है।
सभी आरोपियों के खिलाफ जुआ एक्ट-2022 के तहत एफआईआर दर्ज कर ली गई है। पुलिस अब इस पूरे नेटवर्क और इससे जुड़े अन्य लोगों की भी तलाश कर रही है।
