रायपुर। होली के दौरान राजधानी में तलवार लहराकर लोगों में दहशत फैलाने वाले तीन बदमाशों को पुलिस ने गिरफ्तार किया है। आरोपियों के खिलाफ आर्म्स एक्ट सहित अन्य धाराओं में मामला दर्ज कर कार्रवाई की गई है।
पुलिस के अनुसार होली के अवसर पर पंडरी के ताजनगर क्षेत्र में कुछ युवकों द्वारा तलवार लहराकर लोगों को डरा-धमकाने और इलाके में आतंक फैलाने की सूचना मिली थी। सूचना के आधार पर पुलिस ने तत्काल कार्रवाई करते हुए आरोपियों की तलाश शुरू की।
जांच के बाद पुलिस ने पंडरी पुलिस चौकी क्षेत्र निवासी अरबाज खान (24), काली नगर पुलिस चौकी क्षेत्र निवासी दुर्गेश साहू उर्फ जरहा (26) और पंडरी निवासी नंदन राय (40) को गिरफ्तार कर लिया।
सिविल लाइन थाना पुलिस ने आरोपियों के खिलाफ आर्म्स एक्ट सहित अन्य धाराओं में मामला दर्ज कर उन्हें हिरासत में ले लिया है। पुलिस पूरे मामले की आगे जांच कर रही है।
