रायपुर। होली पर्व को देखते हुए खाद्य एवं औषधि प्रशासन की टीम ने शहर में सघन जांच अभियान चलाकर मिलावटी मिठाई, पनीर, खोवा और अन्य खाद्य पदार्थों के खिलाफ ताबड़तोड़ कार्रवाई की। विभिन्न इलाकों से करीब 23 लाख रुपये मूल्य की संदिग्ध व मिलावटी मिठाइयां जब्त की गईं।
जांच के दौरान 87 खाद्य सैंपल लेकर उन्हें राज्य खाद्य परीक्षण प्रयोगशाला भेजा गया है। रिपोर्ट आने के बाद दोषी दुकानदारों पर खाद्य सुरक्षा एवं मानक अधिनियम 2006 के तहत कड़ी कार्रवाई की जाएगी। टीम ने 62 पैकेट नमकीन, 53 पैकेट रसगुल्ला, 15 पैकेट पान मसाला सहित अन्य खाद्य सामग्री अमानक पाए जाने पर जब्त की।
अभियान के तहत भाठागांव, टाटीबंध, गुढ़ियारी, पंडरी, जय स्तंभ चौक, सड्डू, टिकरापारा और गोलबाजार समेत कई क्षेत्रों में मिठाई दुकानों, बेकरी, होटल और डेयरी प्रतिष्ठानों की जांच की गई। विभाग ने स्पष्ट किया है कि होली तक यह अभियान लगातार जारी रहेगा, ताकि उपभोक्ताओं को शुद्ध और सुरक्षित खाद्य सामग्री मिल सके।
