छत्तीसगढ़

महतारी वंदन योजना की 29वीं किस्त जारी, 66 लाख से अधिक महिलाओं के खातों में पहुंचे 626.25 करोड़ रुपये

मुख्यमंत्री विष्णु देव साय ने रायपुर स्थित मुख्यमंत्री निवास कार्यालय से महतारी वंदन योजना की 29वीं किस्त जारी की। इसके तहत प्रदेश की 66 लाख से अधिक पात्र महिलाओं के बैंक खातों में डीबीटी के माध्यम से 626.25 करोड़ रुपये अंतरित किए गए।

रायपुर। मुख्यमंत्री विष्णु देव साय ने शनिवार को राजधानी रायपुर स्थित मुख्यमंत्री निवास कार्यालय से महतारी वंदन योजना की 29वीं किस्त जारी की। इस दौरान प्रदेश की 66 लाख से अधिक माताओं और बहनों के बैंक खातों में प्रत्यक्ष लाभ अंतरण (डीबीटी) के माध्यम से 626.25 करोड़ रुपये की राशि अंतरित की गई। कार्यक्रम में महिला एवं बाल विकास मंत्री लक्ष्मी राजवाड़े भी उपस्थित रहीं।

मुख्यमंत्री ने योजना की लाभार्थी महिलाओं को शुभकामनाएं देते हुए कहा कि महतारी वंदन योजना प्रदेश में महिलाओं के सम्मान, आत्मनिर्भरता और आर्थिक स्वावलंबन की नई पहचान बन चुकी है। राज्य सरकार महिलाओं की आर्थिक भागीदारी बढ़ाने और उन्हें आत्मनिर्भर बनाने के उद्देश्य से लगातार कार्य कर रही है।

29 किस्तों में 18,805.83 करोड़ रुपये का भुगतान

मुख्यमंत्री विष्णु देव साय ने बताया कि 29वीं किस्त के साथ महतारी वंदन योजना के अंतर्गत अब तक कुल 18,805.83 करोड़ रुपये सीधे लाभार्थी महिलाओं के बैंक खातों में अंतरित किए जा चुके हैं।

उन्होंने कहा कि योजना के माध्यम से मिलने वाली नियमित आर्थिक सहायता का उपयोग महिलाएं अपनी आवश्यकताओं और परिवार से जुड़े खर्चों के लिए कर रही हैं। कई महिलाओं ने इस राशि की मदद से छोटे व्यवसाय शुरू किए हैं और सिलाई-कढ़ाई सहित स्वरोजगार की विभिन्न गतिविधियों को अपनाया है।

इसके अलावा, योजना की राशि का उपयोग बच्चों की शिक्षा, स्वास्थ्य और परिवार की दैनिक आवश्यकताओं को पूरा करने में भी किया जा रहा है। मुख्यमंत्री ने कहा कि लाभार्थी महिलाओं के अनुभव योजना के सामाजिक और आर्थिक प्रभाव को दर्शाते हैं।

महिला सशक्तिकरण के लिए विभिन्न योजनाओं पर काम

मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में देशभर में महिला सशक्तिकरण के लिए व्यापक स्तर पर कार्य किया जा रहा है। छत्तीसगढ़ सरकार भी महतारी वंदन योजना के साथ ‘लखपति दीदी’ जैसी योजनाओं के माध्यम से महिलाओं की आय बढ़ाने और उन्हें आर्थिक रूप से आत्मनिर्भर बनाने की दिशा में लगातार प्रयास कर रही है।

उन्होंने कहा कि महिलाओं की आर्थिक भागीदारी बढ़ने से परिवार और समाज दोनों को मजबूती मिलती है। राज्य सरकार का प्रयास है कि पात्र महिलाओं तक योजनाओं का लाभ पारदर्शी और समयबद्ध तरीके से पहुंचे।

ई-केवाईसी जल्द पूरी करने के निर्देश

मुख्यमंत्री विष्णु देव साय ने संबंधित अधिकारियों को महतारी वंदन योजना की ई-केवाईसी प्रक्रिया शीघ्र पूरी करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि शत-प्रतिशत पात्र महिलाओं तक योजना का लाभ पहुंचाना सुनिश्चित किया जाए।

मुख्यमंत्री ने विशेष रूप से बस्तर संभाग में ई-केवाईसी से संबंधित कार्यों को प्राथमिकता के साथ पूरा करने को कहा, ताकि पात्र लाभार्थियों को योजना का लाभ प्राप्त करने में किसी प्रकार की समस्या न हो।

पात्र महिलाओं को हर महीने मिलते हैं 1,000 रुपये

महतारी वंदन योजना छत्तीसगढ़ में 1 मार्च 2024 से लागू है। योजना के तहत 21 वर्ष या उससे अधिक आयु की पात्र विवाहित महिलाओं को प्रतिमाह 1,000 रुपये की आर्थिक सहायता सीधे उनके बैंक खातों में प्रदान की जाती है।

राज्य सरकार के अनुसार, योजना का उद्देश्य महिलाओं को नियमित आर्थिक संबल प्रदान करने के साथ परिवार के पोषण, बच्चों की शिक्षा, स्वास्थ्य और स्वरोजगार से जुड़ी गतिविधियों को मजबूती देना है।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button