देश दुनियां

शेयर बाजार में जबरदस्त उछाल, सेंसेक्स-निफ्टी करीब 3% चढ़े

मुंबई। भारत और अमेरिका के बीच ट्रेड डील की घोषणा से उत्साहित भारतीय शेयर बाजारों में मंगलवार सुबह ज़बरदस्त तेजी देखने को मिली। सभी सेक्टर्स में भारी खरीदारी के चलते सेंसेक्स और निफ्टी करीब 3 प्रतिशत उछल गए।
सुबह 9:25 बजे तक सेंसेक्स 2,421 अंक यानी 2.97 प्रतिशत की बढ़त के साथ 84,088 पर पहुंच गया, जबकि निफ्टी 741 अंक या 2.96 प्रतिशत चढ़कर 25,829 पर कारोबार करता दिखा।
भारत-अमेरिका व्यापार समझौते के तहत भारतीय उत्पादों पर आपसी टैरिफ 25 प्रतिशत से घटाकर 18 प्रतिशत कर दिया गया है, वहीं रूसी कच्चे तेल की खरीद पर लगने वाली अतिरिक्त 25 प्रतिशत ड्यूटी भी समाप्त कर दी गई है। अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी से बातचीत के बाद इस समझौते को तत्काल प्रभावी बताया।
मिडकैप और स्मॉलकैप शेयरों में भी मजबूत तेजी रही। निफ्टी मिडकैप 100 में 3.10 प्रतिशत और स्मॉलकैप 100 में 3.25 प्रतिशत की बढ़त दर्ज की गई। रियल्टी, ऑटो, कंज्यूमर ड्यूरेबल्स और आईटी सेक्टर सबसे ज्यादा लाभ में रहे।
मार्केट एक्सपर्ट्स के मुताबिक यह डील भारतीय अर्थव्यवस्था के लिए गेम चेंजर साबित हो सकती है। इससे निर्यात बढ़ेगा, विदेशी निवेश आएगा और FY27 में भारत की ग्रोथ और कॉर्पोरेट कमाई में मजबूत सुधार देखने को मिल सकता है।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button