पखांजूर। कांकेर जिले के पखांजूर में तेज रफ्तार ने एक बार फिर कहर बरपाया है। पीवी–9 मार्ग पर मंगलवार सुबह दो मोटरसाइकिलों के बीच आमने-सामने की भीषण टक्कर हो गई। इस हादसे में तीन युवक गंभीर रूप से घायल हो गए, जिनमें से इलाज के दौरान दो सगे भाइयों की मौत हो गई, जबकि तीसरे युवक की हालत नाजुक बनी हुई है।
प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक, एक मोटरसाइकिल पर एक युवक सवार था, जबकि दूसरी मोटरसाइकिल पर दो सगे भाई जा रहे थे। तेज रफ्तार के चलते दोनों बाइकें आमने-सामने टकरा गईं। टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि तीनों युवक सड़क पर दूर जा गिरे और गंभीर चोटें आईं। स्थानीय लोगों की मदद से सभी घायलों को तत्काल पखांजूर अस्पताल पहुंचाया गया। हालत गंभीर होने पर उन्हें बाहर रेफर किया गया, जहां इलाज के दौरान दो भाइयों ने दम तोड़ दिया।
घटना की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और मर्ग कायम कर जांच शुरू कर दी है। प्रारंभिक जांच में तेज रफ्तार और लापरवाही को हादसे का मुख्य कारण माना जा रहा है। पुलिस ने दुर्घटनाग्रस्त दोनों मोटरसाइकिलों को जब्त कर आगे की कार्रवाई शुरू कर दी है। इस दर्दनाक हादसे के बाद मृतकों के परिजनों में मातम पसरा हुआ है।
