नई दिल्ली। संसद का शीतकालीन सत्र शुक्रवार को औपचारिक रूप से समाप्त हो गया। सत्र के समापन के बाद राजनीतिक माहौल कुछ बदला-बदला नजर आया, जब सत्ता पक्ष और विपक्ष के कई बड़े नेता एक साथ नजर आए।
संसदीय परंपरा के तहत लोकसभा अध्यक्ष ओम बिरला ने सत्र के आखिरी दिन सभी सांसदों और मंत्रियों के लिए एक चाय बैठक आयोजित की। इसी दौरान प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी, कांग्रेस नेता प्रियंका गांधी और अन्य वरिष्ठ नेता एक ही मंच पर दिखे।
वीडियो में साथ बैठे दिखे प्रियंका गांधी और राजनाथ सिंह
सोशल मीडिया पर सामने आए वीडियो में रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह और कांग्रेस महासचिव प्रियंका गांधी एक-दूसरे के बगल में बैठकर चाय पीते नजर आए। वहीं प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी लोकसभा स्पीकर ओम बिरला के साथ बैठे दिखे।
इस अनौपचारिक बैठक में कई केंद्रीय मंत्री और विपक्षी सांसद शामिल हुए। इनमें केंद्रीय मंत्री राम मोहन नायडू, चिराग पासवान, ललन सिंह, किरेन रिजिजू, अर्जुन राम मेघवाल शामिल थे। वहीं विपक्ष की ओर से एनसीपी (एसपी) सांसद सुप्रिया सुले, समाजवादी पार्टी के राजीव राय और धर्मेंद्र यादव, डीएमके सांसद ए राजा भी मौजूद रहे।
अनौपचारिक चर्चा का रहा माहौल
बैठक के दौरान संसद के कामकाज, विधायी प्रक्रिया और आने वाले सत्रों को लेकर अनौपचारिक बातचीत हुई। सत्र के दौरान तीखी बहसों के बाद नेताओं का इस तरह एक साथ नजर आना राजनीतिक गलियारों में चर्चा का विषय बना हुआ है।
