भिलाई। बागेश्वर धाम के पीठाधीश्वर पंडित धीरेंद्र कृष्ण शास्त्री की हनुमंत कथा के बीच प्रदेश की राजनीति गरमा गई है। बाबा बागेश्वर के हालिया बयानों पर अब पूर्व मुख्यमंत्री भूपेश बघेल ने कड़ा और सीधा जवाब दिया है, जिससे राजनीतिक बयानबाजी तेज हो गई है।
पूर्व सीएम भूपेश बघेल ने धीरेंद्र शास्त्री को “कल का बच्चा” बताते हुए आरोप लगाया कि वे छत्तीसगढ़ में सिर्फ पैसा बटोरने आते हैं। उन्होंने कहा कि जब धीरेंद्र शास्त्री का जन्म भी नहीं हुआ था, तब से वे स्वयं हनुमान चालीसा का पाठ कर रहे हैं। बघेल ने यह भी कहा कि उनका बेटा भी धीरेंद्र शास्त्री से उम्र में बड़ा है।
भूपेश बघेल ने आगे आरोप लगाया कि पंडित धीरेंद्र शास्त्री भारतीय जनता पार्टी के एजेंट की तरह काम कर रहे हैं। उन्होंने तंज कसते हुए सवाल किया कि जब दिव्य दरबार से ही हर समस्या का समाधान हो रहा है, तो फिर मेडिकल कॉलेज खोलने की जरूरत क्यों पड़ रही है।
पूर्व मुख्यमंत्री ने खुली चुनौती देते हुए कहा कि धीरेंद्र शास्त्री छत्तीसगढ़ के किसी भी साधु-संत से शास्त्रार्थ कर लें। उन्होंने कहा कि यह प्रदेश कबीर और गुरु घासीदास की विचारधारा का है और यहां किसी को सनातन धर्म सिखाने की आवश्यकता नहीं है।
गौरतलब है कि इससे पहले बाबा बागेश्वर के “देश छोड़ दें” वाले बयान को लेकर भी प्रदेश की राजनीति में तीखा विवाद खड़ा हो चुका है।
