रायपुर। राजधानी में साइबर ठगों ने एक बुजुर्ग किसान को निशाना बनाते हुए उनके बैंक खाते से 2.78 लाख रुपए पार कर दिए। ठगी का खुलासा तब हुआ जब पीड़ित के मोबाइल पर ट्रांजैक्शन का मैसेज आया। मामले में पुलिस ने शिकायत दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
टिकरापारा निवासी 74 वर्षीय किसान चोलाराम मरकाम के अनुसार, उनका खाता जिला सहकारी केंद्रीय बैंक, शाखा रानीतराई (दुर्ग) में है। 20 मार्च 2026 की शाम करीब 6:30 बजे उनके मोबाइल पर 1000 रुपए कटने का मैसेज आया, जिससे उन्हें संदेह हुआ।
इसके बाद 23 मार्च को जब उन्होंने बैंक जाकर पासबुक एंट्री कराई, तो वे हैरान रह गए। बैंक स्टेटमेंट में सामने आया कि 19 से 22 मार्च के बीच ठगों ने उनके खाते से कुल 2.78 लाख रुपए निकाल लिए। आरोपियों ने यह रकम 12 अलग-अलग किश्तों में ट्रांसफर की।
प्रारंभिक जांच में पता चला है कि एक किश्त की राशि Airtel Payments Bank के एक संदिग्ध खाते में भेजी गई है। बाकी रकम किन खातों में गई है, इसका पता लगाने के लिए पुलिस और साइबर सेल जांच कर रही है।
