बिलासपुर। जिले के कोटा–लोरमी मुख्य मार्ग पर रविवार को एक बड़ा सड़क हादसा हो गया। खपराखोल के पास एक यात्री बस अनियंत्रित होकर सड़क किनारे पलट गई, जिससे इलाके में अफरा-तफरी मच गई। हादसे के समय बस में करीब 40 यात्री सवार थे, जो एक पारिवारिक चौथिया कार्यक्रम में शामिल होकर वापस लौट रहे थे।
प्राप्त जानकारी के अनुसार बस कोटा से लोरमी की ओर जा रही थी। खपराखोल के पास अचानक चालक का नियंत्रण बस से हट गया, जिसके चलते बस असंतुलित होकर पलट गई। बस पलटते ही यात्रियों में चीख-पुकार मच गई। आसपास के ग्रामीण तुरंत मौके पर पहुंचे और राहत कार्य में जुट गए।
हादसे में छह से सात यात्रियों को चोटें आई हैं। इनमें कुछ को मामूली चोटें लगीं, जबकि दो यात्रियों की हालत गंभीर बताई जा रही है। स्थानीय लोगों की मदद से घायलों को बस से बाहर निकाला गया और एंबुलेंस के माध्यम से लोरमी सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र लाया गया।
CHC में प्राथमिक उपचार के बाद दो गंभीर घायलों को बेहतर इलाज के लिए मुंगेली जिला अस्पताल रेफर किया गया है, जहां उनकी हालत फिलहाल स्थिर बताई जा रही है। सूचना मिलते ही जूनापारा चौकी पुलिस मौके पर पहुंची और दुर्घटना की जांच शुरू कर दी है। पुलिस ने यातायात सुचारु कराने के लिए बस को सड़क से हटवाया।
