कोरबा। रायपुर की डीएसपी कल्पना वर्मा पर लव ट्रैप में फंसा कर करोड़ों रुपये वसूलने का आरोप लगाने वाले कारोबारी दीपक उर्फ अंबेडकर टंडन को लेकर कई चौंकाने वाले तथ्य सामने आ रहे हैं। कोरबा में कभी छोटी फोटो फ्रेमिंग की दुकान चलाने वाला टंडन देखते ही देखते करोड़पति बन गया। उसके खिलाफ पहले से ही ठगी के दो मामले दर्ज बताए जा रहे हैं, जबकि एक पुराने प्रकरण में न्यायालय से गिरफ्तारी वारंट भी जारी हो चुका है।
टंडन ने सोशल मीडिया के जरिए डीएसपी कल्पना वर्मा पर प्रेमजाल में फंसाकर करीब ढाई करोड़ रुपये ऐंठने का सनसनीखेज आरोप लगाया है। उसने कथित चैट, कॉल रिकॉर्ड और सीसीटीवी फुटेज वायरल किए हैं। हालांकि इस पूरे मामले में जांच अभी जारी है और आरोपों की पुष्टि नहीं हुई है।
इस बीच टंडन पर पुराने ठगी मामलों की परतें खुलने लगी हैं। वर्ष 2015 में कोरबा के एक कोल कारोबारी से 28 लाख रुपये लेने और कोयला आपूर्ति नहीं करने का मामला दर्ज है। वहीं रायपुर के सिविल लाइन थाने में नगर निगम की राजस्व निरीक्षक भर्ती परीक्षा का प्रश्नपत्र दिलाने के नाम पर ठगी का प्रकरण सामने आया है। इसके अलावा सक्ती जिले के एक कोयला कारोबारी ने भी 15 लाख रुपये की धोखाधड़ी का आरोप लगाया है।
बताया जाता है कि मामूली आय से शुरू करने वाला टंडन आज रायपुर में करोड़ों की संपत्तियों का मालिक है। मामले ने प्रदेशभर में चर्चाएं तेज कर दी हैं।
