डोंगरगढ़। डोंगरगढ़ और खैरागढ़ के बीच स्थित वन क्षेत्र में एक बार फिर तेंदुए की मौत ने वन विभाग की कार्यप्रणाली पर सवाल खड़े कर दिए हैं। शुक्रवार को डोंगरगढ़ वन परिक्षेत्र के अंतर्गत रानीगंज क्षेत्र में एक तेंदुआ मृत अवस्था में पाया गया।
यह कोई पहली घटना नहीं है, बल्कि बीते कुछ समय से इसी इलाके में तेंदुओं की लगातार मौत की घटनाएं सामने आ रही हैं, जिससे वन्यजीवों की सुरक्षा को लेकर चिंता बढ़ गई है।
वन विभाग के अनुसार मृत तेंदुए का डॉक्टरों की टीम द्वारा पोस्टमार्टम किया गया और बाद में दाह संस्कार की प्रक्रिया पूरी की गई। विभाग का दावा है कि तेंदुए को अंदरूनी चोटें थीं और उसकी मौत प्राकृतिक कारणों से हुई है।
इस संबंध में डीएफओ आयुष जैन ने भी इसे प्राकृतिक मृत्यु बताया है। हालांकि पोस्टमार्टम और दाह संस्कार की कार्रवाई जल्दबाजी में और बिना विस्तृत जानकारी सार्वजनिक किए किए जाने से मामला संदिग्ध प्रतीत हो रहा है। स्थानीय लोगों और पर्यावरण प्रेमियों ने निष्पक्ष जांच की मांग की है।
